परमोटाने की क्राउनोलॉजी
(सपने में मैं था और सपना भी मुझ में है, तो यह आत्मेन है!)
आप की राय सदैव महत्त्वपूर्ण है और लेखक को बनाने में इसकी कारगर भूमिका है।
गुरु और ज्ञान
संतों ने कहा है --- बिना गुरु के ज्ञान नहीं होता है। गुरुओं के बारे में नहीं कह सकता, लेकिन उस समय के संतों के प्रति खासकर उनके कहे के प्रति मेरी बहुत श्रद्धा रही है, भरोसा भी। लेकिन, गुरु से ज्ञान मिलनेवाली बात पर से मेरा भरोसा जा रहा है। अभी पूरी तरह चला नहीं गया है, लेकिन प्रस्थान चतुष्टय की श्रेणी में पहुँच चुका है। मेरा अनुभव तो यही कहता है कि बिना चेला के गुरु को ज्ञान नहीं मिलता है। आखिर चेला ही तो गुरु में गुरु के होने का दंभ भरता है। चेला ही तो गुरु को गुरुडम से मंडित करता है। जिंदगी भर गुरु की तलाश करता रहा। इस तलाश में चेलों के लिए कोई जगह तो थी ही नहीं। हाय, यह जिंदगी तो बेकार गँवा दी। किस दुविधा में फँसा रह गया! मुझ से न किसी ने गुड़ माँगा, न मैंने किसी को ढेला दिया। कोई चेला मिल गया होता तो, गुरु बनने के इस माकूल समय का लाभ मिल जाता। अब पछताये होता क्या? गुरु के चक्कर में ही फँसा रहा, चेलों से किया न हेत! जो हो, निष्कपट भाव से कह रहा हूँ, उस समय के संतों के कहे पर भरोसा रखना ही होगा, खासकर तब जब गुरु के मिल जाने की संभावना सामने प्रकट है।
राहुल गाँधी का पारिवारिक नेपथ्य 1
राहुल गाँधी के परिवारवाद का मतलब 2
राहुल गाँधी की गतिमति और राजनीतिक कार्यविधि 3
राह में रोड़ा, काँटा, और फूल 4
राहुल गाँधी : मुहब्बत की दुकान
इस समय भारत के राजनीतिक परिसर में हलचल को समझना बहुत दिलचस्प है। यह सच है कि राहुल गाँधी अब भारतीय राजनीति के समकाल में राजनीतिक गतिविधि के केंद्र बिंदु बन गये हैं। इस समय की राजनीति को समझने के लिए राहुल गाँधी की राजनीति को समझना निहायत जरूरी है। प्रारंभ में ही एक बात कहके रखना प्रासंगिक है। जीवन में दुहराव बहुत होता है, लेकिन दुहराव कभी हू-ब-हू नहीं होता है। इतिहास में भी दुहराव होता है, हू-ब-हू नहीं होता है। लोकलुभावन की हिटलरी राजनीति के अनैतिक चेहरे का दुहराव हू-ब-हू हिटलर जैसा नहीं हुआ। गाँधीवाद की राजनीति के नैतिक चेहरे का दुहराव भी हू-ब-हू गाँधी जैसा नहीं हो रहा है। पहले के संदर्भ में पहले कई लेख लिखा था। जिसमें देश में जनादेश का संदेश, भारत में महाभारत, अपने वतन में पराए, नागरिक जमात का रास्ता आदि और कई कविताएँ लिखा था और ये सभी लेख जनसत्ता में समय-समय पर छपे भी थे। इस लिखने और छपने की चर्चा आत्म विवरण के लिए नहीं बल्कि सिर्फ इस लेख को तैयार करने के औचित्य और इसकी अनु क्रमिकता को संदर्भित करने के लिए की है। स्वतः स्पष्ट कारणों से, इस समय किसी अखबार के माध्यम से इस लेख को आप तक पहुँचाने की कोई प्रासंगिकता नहीं है। इसलिए व्यक्तिगत मेल पर इसे भेजना छोड़कर, कोई अन्य उपाय नहीं है। ठीक लगे तो कृपया, इसे देख लें; न लगे तो इसकी अनदेखी करें।
राहुल गाँधी का पारिवारिक नेपथ्य
हम भारतीय परिप्रेक्ष्य का संदर्भ लेते हैं। भारत में जाति, कुल, गोत्र, विश, ग्राम पहचान की बुनियाद है, ध्यान रहे इसमें राष्ट्र नहीं है। किसी अवहेलना के कारण नहीं, बल्कि इसलिए कि एक तरह से विश्वबोध का हिस्सा रहा है। इनमें से जाति और कुल समकालीन राजनीति में जीवंत और प्रभावी हैं। कुल में विकसित परिवार अपने को पहले कुल और तदंतर जाति का प्रतिनिधि बताते हुए जाति को अपने अंदर समेट लेने की प्रवृत्ति रखता है — इसका सामाजिक रूप खाप पंचायत है और लोकतांत्रिक रूप परिवारवाद है। चूँकि, इस लेख के केंद्र में राहुल गाँधी हैं इसलिए, राहुल गाँधी के संदर्भ में परिवारवाद की चर्चा करेंगे।
साधारणतः लोग अपने पितामह से पहले के पितृ-कुल या मातृ-कुल की वंशावली के नामों की अनुक्रमिकता से परिचित नहीं होते हैं; अन्य लोग क्या परिचित होंगे! राहुल गाँधी के मातृ-कुल और पितृ-कुल की समग्रता, यानी मिलीजुली श्रृँखला, को देखें तो वे खुद, उनके माता पिता, उनकी नानी, नानी के माता पिता, नाना के पिता के नामों से लोग परिचित हैं; देश के लोग ही नहीं, विदेश के लोग भी। उदाहरण के लिए भारत के ऐसे कुछ गिने-चुने परिवार, जिन में कम-से-कम तीन पीढ़ी परिदृश्य में है या रहा है, का उल्लेख किया जा सकता है; ज्ञान और रस साहित्य में देखें तो रवीन्द्रनाथ ठाकुर, अमर्त्य कुमार सेन, फिल्म में संदीप रे, अभिषेक बच्चन आदि का। इन में सबसे लंबी वंश श्रृँखला राहुल गाँधी की है। लोग उनके वंशजों को जानते हैं इसलिए उनके काम से उनको जोड़कर देखने की कोशिश करते हैं। यह कहना बताना आसान है कि उनकी चार पीढ़ी ऊपर के लोगों ने क्या किया है। आप निंदा करना चाहते हैं तो उनकी चार पीढ़ी ऊपर के लोगों के किये को अपने हिसाब से चुनकर उन पर निंदात्मक या प्रशंसात्मक चर्चा, बहस, कुत्सा आदि कर सकते हैं, इतना ही नहीं इसके लिए राहुल गाँधी के ऊपर नैतिक जवाबदेही डालने की या वंशानुगत श्रेय देने की कोशिश कर सकते हैं, क्योंकि उन्हें आप भी जानते हैं और लोग भी जानते हैं — राहुल गाँधी का नाथ और पगहा दोनों आम जानकारी, लोक-दीठि, में है। जिनका कोई नाथ-पगहा नहीं है, वे न तो नाथ-पगहा की ताकत को जानते हैं, न बोझ को जानते हैं। कुल, परिवार की लोक-श्रृँखला कैसे बनती है! यह तब बनती है जब अगली पीढ़ी का सदस्य पिछली पीढ़ी के सदस्यों को उसी वैचारिक और कार्य श्रृँखला में अतिक्रमित करता हुआ लोक-दीठि में अपने लिए स्थान बनाने में कामयाब रहता है। राहुल गाँधी अपनी पीढ़ी के सदस्यों को उनकी वैचारिक और कार्य श्रृँखला में अतिक्रमित करते हुए लोक-दीठि में अपने लिए स्थान बनाने में अब कामयाब हो रहे हैं — सोशियो-पॉलिटिकल कैपिटल बन और बढ़ रहा है ।
राहुल गाँधी के परिवारवाद का मतलब
वाद कहने का आशय विचार और विचारधारा होता है। जब विचार कहते हैं, तो आशय उनका अपना विचार होता है। उनके परिवार के सदस्यों के विचारों के सामान्य पक्ष (कॉमन फैक्टर) में, विभिन्न स्रोतों से बने उनके खुद के विचार के मूलांश के जुड़ने से उनकी विचारधारा बनती है। यही हो सकता है उनका परिवारवाद। कम-से-कम जवाहर लाल नेहरू, इंदिरा गाँधी, राजीव गाँधी के विचारों का सामान्य पक्ष (कॉमन फैक्टर) है — धर्म-निरपेक्ष, लोकतंत्रीय, लोक-कल्याणाभिमुखी राज्य के प्रति अटूट और लचकदार राजनीतिक और वैयक्तिक निष्ठा। इसमें जाहिर तौर पर दक्षिणपंथ विरोधी वामपंथी रुझान से बनी अंतर्वस्तु का सार-स्वरूप (एसंसियल्स ऑफ कंटेंट्स एंड फॉर्म्स) अनिवार्यतः शामिल रहा है। वामपंथी रुझान होने से कोई वामपंथी या कम्युनिस्ट नहीं हो जाता, हल्के-फुल्के मिजाज में कहें तो वामपंथी पार्टियों के सदस्य ही जब पूरी तरह से वामपंथी या कम्युनिस्ट नहीं हो सके तो ये क्या होते। खैर, कहना यह है कि जवाहर लाल नेहरू, इंदिरा गाँधी, राजीव गाँधी, सोनिया गाँधी सब में वामपंथी रुझान रहा है, लेकिन ये वामपंथी नहीं रहे हैं। राहुल गाँधी में वामपंथी रुझान हैं, लेकिन ये वामपंथी नहीं हैं। प्रसंगवश, इस तरह का वामपंथी रुझान तो घोषित पूँजीवाद और पूँजीवादी व्यवस्था में भी रहता आया था, भले ही रणनीतिक तौर पर। यह रणनीति वहाँ आज भी काम कर रही है। भारत जैसे निर्माणाधीन पूँजीवादी राज्य-व्यवस्था या आधी-अधूरी पूँजीवादी व्यवस्था में यह रणनीति स्थगित नहीं तो शिथिल जरूर हो गई। लाभार्थी नीतियों के नीतिगत फैसलों या रणनीतिक कार्यान्वयन को देखते हुए पूरी तरह से स्थगित नहीं कह सकते हैं। राज्य की लोक-कल्याण नीति और लाभार्थी नीति में रुझान का अंतर है। लोक-कल्याण नीति में राज्य का वामपंथी और लाभार्थी नीति में राज्य का दक्षिणपंथी रुझान होता है। यह रुझान होने मात्र से राज्य न तो वामपंथी हो जाता है, न ही दक्षिणपंथी हो जाता है। शोषण तो निवार्य है, सवाल पोषण के साथ शोषण या पोषण विहीन शोषण। विकसित पूँजीवाद की राज्य व्यवस्था पोषण के साथ शोषण की नीति पर काम करती है। अर्द्ध विकसित या अधूरे पूँजीवाद की राज्य व्यवस्था पोषण विहीन शोषण नीति पर चलती है। सामग्रिक शिक्षा, क्षमता, दक्षता और आधिकारिकता के अभाव-जनित माहौल में, अधूरे पूँजीवाद की राज्य व्यवस्था तरह-तरह के कारनामों और झूठे लक्ष्यों, लोकलुभावन प्रतिश्रुतियों से पोषण विहीनता से बनी खाइयों को भरने या प्राणांतक विषमताओं को कम करने की — सीमित अर्थ में कामयाब और वास्तविक अर्थ में नाकाम — कोशिशें करती रहती है। इस कोशिश से निकलती है लाभार्थी नीति। अधूरे , पूँजीवाद की राज्य व्यवस्था में साँठ-गाँठवाली पूँजीवादी गतिविधि और उस से उपजे भ्रष्टाचार का निर्लज्ज बोलबाला हो जाता है; असल में भ्रष्टाचार का मूल उद्गम पूँजीवाद और लोकतंत्र के अंतर्विरोधों के मध्य होता है। कहना न होगा, भारत में इस समय अधूरे पूँजीवाद की राज्य व्यवस्था काम कर रही है। इस बात को ध्यान में रखते हुए राहुल गाँधी की वैचारिकी, विचारधारा, गतिमति और राजनीतिक कार्यविधि और इसके संभावित परिपक्व परिणाम को समझना होगा।
राहुल गाँधी की गतिमति और राजनीतिक कार्यविधि
इस समय भारत उत्पीड़न (पर्सिक्यूसन) के दौर से गुजर रहा है। इस दौर में लोगों को खैरात की नहीं वास्तविक राहत की जरूरत है। इसके लिए अधूरे पूँजीवाद की राज्य व्यवस्था में दक्षिणपंथी रुझान की खैरातवाली व्यवस्था को विस्थापित (डिलीट और रिमूव) कर वास्तविक राहतवाली वामपंथी रुझान को डालना और संस्थापित (इनसर्ट और इनस्टॉल) करना एक ऐतिहासिक, राजनीतिक और सामाजिक जरूरत है। राहत और खैरात का अंतर स्वतः स्पष्ट है, इसके बाद ही सामग्रिक शिक्षा, क्षमता, दक्षता और आधिकारिकता के सवाल को हल करने माहौल बन सकता है। सा माहौल बनने के बाद ही शोषण के लिए ही सही, पोषण की शर्त को पूरा करनेवाले पूँजीवाद के विकास का दौर आ सकता है। इस दौर के आने के प्रति उत्सुक रुचि अंतर्राष्ट्रीय पूँजी प्रभुओं की भी हो सकती है। राहुल गाँधी वामपंथी नहीं हैं। उन में निश्चित और परिभाषित वामपंथी रुझान है। राहुल गाँधी सुशिक्षित, सुपोषित, सुपरिभाषित और मानवानुकूल रैय्यतदारी के लिए सुनिश्चित राहतदारी व्यवस्था के आगमन की तैयारी में संघर्षशील हैं। राहुल गाँधी जानते हैं, इस समय क्रांति की राह पर चलने की नहीं, सुनिश्चित राहतदारी को हासिल करने की राह पर चलना जरूरी है। दुहराव शर्त पर भी कहना जरूरी है कि इस समय भारत में लड़ाई दक्षिणपंथ और वामपंथ के बीच नहीं, दक्षिणपंथी और वामपंथी रुझानों के बीच है। इससे इतर और अधिक की गुंजाइशें भारत के संवैधानिक लोकतंत्र में नहीं है। इससे अधिक इतर और अधिक की तरफ लपकना भारतीय संविधान के अतिक्रमण की तरफ ले जायेगा। हालाँकि, इस लड़ाई में उनके कई राजनीतिक संगी-सहयोगियों में संविधान के अतिक्रमण की लुकी-छिपी प्रवणता के होने से इनकार नहीं किया जा सकता है, लेकिन वे निष्ठापूर्वक जानते हैं कि इस संविधान का परिरक्षण ही उनकी वैचारिकी और विचारधारा की ताकत का असली जन-स्रोत है। यह एक चुनाव जीतने से कहीं अधिक महत्त्वपूर्ण है और प्रधानमंत्री बनने से अधिक महत्त्वाकांक्षी है। वे निश्चित ही समझते होंगे, इस महत्त्वाकांक्षा को प्रधानमंत्री बनकर नहीं, बल्कि बनवाकर ही पूरा किया जा सकता है। इस समझ से वे आगे बढ़ रहे हैं। कहाँ तक बढ़ पायेंगे यह तो वक्त बतायेगा।
राह में रोड़ा, काँटा, और फूल
संघर्ष सामने है। आसान नहीं कठिन संघर्ष है। इस कठिन संघर्ष को सिर्फ चुनावी मुहावरों से ही नहीं समझा जा सकेगा। संक्रमण की पीड़ा से गुजरते हुए देश को समझना जरूरी है। धर्म के आधार पर, समुदायों के आधार पर, क्षेत्रीयता के आधार पर, भाषा के आधार पर यानी विविधता के हर आधार पर विभाजन की तीव्र कसमसाहट है। विखंडन की उग्र आवाज है। राजनीति की चरमराहट की निरंतर तेज होती आवाजों के बीच उत्तेजना और युयुत्सा का माहौल है — मणिपुर ही नहीं, नूँह ही नहीं चारों तरफ हाहाकार का हर किसी की इच्छा होती है युद्ध के मैदान में आमने-सामने खड़ी सेनाओं की स्थिति क्या है! ऐसे घरेलू संघर्ष के समय भारत के लोगों को महाभारत की याद आती है। गीता की याद आती है। गीता में संजय उद्विग्न राज्य-संप्रभु धृतराष्ट्र को बताते हैं :
‘अपर्याप्तं तदस्माकं बलं भीष्माभिरक्षितम्।
पर्याप्तं त्विदमेतेषां बलं भीमाभिरक्षितम्।।’
संस्कृत में पर्याप्त का अर्थ है, न कम न ज्यादा, जरूरत भर यानी अंग्रेजी का एनफ और अपर्याप्त का अर्थ है जरूरत से भी ज्यादा (मोर देन एनफ)। संजय राज्य प्रमुख को खुफिया सूचना (इंटिजिलेंस नोट्स) — भीष्म पितामह की शक्ति और समर्थन से हमारी सेना सुरक्षित है। उनकी सेना को जरूरत भर भीम के साथ और शक्ति पर भरोसा है। यह खुफिया सूचना यथा-तथ्य थी इस में कोई त्रुटि (एरर) थी यह अलग से विवेचनीय है। यहाँ इतना भर बताना है कि जब युयुत्स शक्तियाँ आमने-सामने हो तो राज्य-संप्रभु को इस तरह की रिपोर्ट की जरूरत होती है। मिथकीय रूपकों की सीमा से बाहर निकलकर सोचना होगा। संविधान रक्षित भारत में जनगण ही राज्य-संप्रभु है। राज्य-संप्रभु को रिपोर्ट देने का काम मीडिया का होता है। संजय-सिंड्रोमग्रस्त मीडिया का हाल तो साफ-साफ दिख रहा है।
क्षेत्रीय अस्मिता, संघीय ढाँचा के सम्मान आदि की कूटनीतिक ओट में निजी महत्त्वाकांक्षाओं और अपने एकल परिवार के हित-साधन के प्रयास को सामुदायिक हितों को अदा करने, लोकतंत्र के मूल्यों की रक्षा करने का प्रयास बताया जो रहा है — इस क्रम में सामुदायिक हित और लोकतंत्रीय मूल्य दोनों के साथ छल हो रहा है। इसमें सहायक विषाक्त हितैषिता से बने औजारों के रहस्यों को उजागर करने में किसी की दिलचस्पी नहीं है। क्षेत्रीय, आंचलिक दलों में यह साफ-साफ दिख जाता है। राष्ट्रीय दलों के अंदर सक्रिय विषाक्त हितैषिता को सहज ही लक्षित कर पाना और उजागर करना थोड़ा मुश्किल होता है। ऐसी विषाक्त हितैषिता से मुक्त राष्ट्रीय नेता भी नहीं होते हैं। अगर हों भी तो ऐसे राष्ट्रीय नेताओं के परिमार्जक कदम (करेक्टिव मेजर्स) से राष्ट्रीय दलों के टूटकर क्षेत्रीय दल बन जाते हैं। उदाहरण कई हैं। उदाहरणों पर अभी बात करना जरूरी नहीं है। उदाहरणों पर चर्चा से आरोप-प्रत्यारोप में फँसकर रह जाने और मुख्य मुद्दों से विचलन और भटकाव की भरपूर आशंकाएँ हैं। यह स्थिति राहुल गाँधी के रास्ते का सब-से बड़ा रोड़ा है। यह रोड़ा उनके रास्ते का अनुल्लंघ्य पहाड़ होगा यदि उन में सत्ता की कोई निजी महत्त्वाकांक्षा हो। चूँकि इस समय मुझे राहुल गाँधी के अंदर सत्ता की ऐसी कोई निजी महत्त्वाकांक्षा नहीं दिख रही है, इसलिए उम्मीद है कि वे इस रोड़ा को पार कर सकते हैं। लोकलुभावन राजनीति के बोए काँटों की चुभन को बरदाश्त करने और मतदाता समूहों लोक लुभावन फाँस से बाहर ले आने की बड़ी चुनौती है। लोक लुभावन राजनीति के वायदे निष्फल होने के लिए बाध्य होते हैं। लोक लुभावन राजनीति के निष्फल वायदों और साँठ-गाँठ के नतीजों को बौद्धिक, भावनात्मक, और राजनीतिक स्तर पर उजागर करके मतदाता समूहों लोक लुभावन फाँस से बाहर निकाला जा सकता है। यहाँ मीडिया की जरूरत हो सकती है। संजय-सिंड्रोमग्रस्त मीडिया से कोई उम्मीद बेकार है। फिर विकल्प क्या है? विकल्प है। पहला विकल्प है समानांतर मीडिया जिसमें सोशल मीडिया समेत संवाद और सूचना के कई घटक हो सकते हैं। दूसरा विकल्प है मीडिया के सिंड्रोम को तोड़ना। मुख्य धारा की मीडिया पूँजी-हितों से न सिर्फ परिचालित है बल्कि उससे बँधी हुई भी है। पूँजी प्रभुओं के मन में यह बात बैठा देना कि साधारण जन के पोषण सहित शोषण, अर्थात राज्य संप्रभु के पोषण सहित शोषण में ही वास्तविक पूँजी हित संभव और सुरक्षित है। पूँजी प्रभु जानते हैं कि अपेक्षाकृत टिकाऊ शांति एवं निरंतर जारी कानून व्यवस्था की निरंध्र स्थिति पूँजी हित के लिए मुफीद होती है। विकसित पूँजीवाद की राज्य व्यवस्था के कई उदाहरण उनके सामने हैं। कॉरपोरेट के सामाजिक दायित्व की संकल्पना के सामने आने और लागू होने का इतिहास भूगोल उनके सामने होगा। पूँजी के आवारा चरित्र का दौर लगभग समाप्ति के कगार पर है और पूँजी के राष्ट्रीय चरित्र का दौर फिर लौटनेवाला है। ऐसे में अपेक्षाकृत टिकाऊ शांति एवं निरंतर जारी कानून व्यवस्था की निरंध्र स्थिति के लिए अन्यत्र भटकने से बेहतर अपने देश में ऐसी स्थिति के बहाल होने पर ध्यान केंद्रित करने का रास्ता ही निरापद है। अपेक्षाकृत टिकाऊ शांति एवं निरंतर जारी कानून व्यवस्था की निरंध्र स्थिति सच्चा लोकतंत्र इस रूप में पूँजीवाद का प्राण कवच है। अविकसित फूल सूखकर काँटा बन जाता है। काँटा से बचना हो फूल के विकास के पर्यावरण, पारिस्थितिकी, इको सिस्टम को दुरुस्त करना होगा। यह हो गया तो मुहब्बत की दुकान में रौनक आ जायेगी — फूल के बिना मुहब्बत की कोई भी कहानी ठीक से सँवर नहीं पाती है। राहुल गाँधी यह कर सकते हैं। महात्मा गाँधी तो इतिहास पुरुष, प्रणम्य और अतुलनीय हैं। फिर भी राहुल गाँधी यह कर सकते हैं, वे भारतीय राजनीति की ऐसी अमोल संभावना हैं जिसका मनोभाव और जीवन शैली प्रसिद्ध अर्थशास्त्री ज्याँ द्रेज तात्त्विक आकर्षण का आदर करता है।
जानता हूँ, मुझ में ज्ञान और अनुभव के अभाव के कारण कई त्रुटियाँ हैं, उपयोगी न हो तो कृपया, इसकी अनदेखी करें।
लोक शास्त्र का द्वंद्व
---
(संदर्भः मैला आँचल से)
लोक में संघर्ष का उत्साह टेक्स्ट में अपना अर्थ भरते हुए आगे
बढ़ता है। (ज्योतिषी जी) जोतखी जी समझाते हैं कि उनके मामा ने कहा था -
‘प्रातःकाल उठके देखते हैं कि गाँव-भर के लौंडे इसी
झंडा-पत्तखा लेकर ‘इनकिलास जिन्दाबाघ’ करते हुए गाँवों में घूम रहे हैं। मामा से
पूछा कि ‘मामा, क्या बात है?’ तो मामा
बोले कि गाँव के सभी लड़कों ने भोलटियरी में नाम लिखा लिया है। ‘इनकिलास जिन्दाबाघ’
का अर्थ है कि हम जिन्दा बाघ हैं।...जिन्दा’
(साभारः मैला आँचलः फणीश्वर नाथ “रेणु”)
इन्कलाब में लोक किस तरह अपना अर्थ भर रहा था! कथा प्रवाह की सहज स्वाभाविकता में यह
अर्थ-भराव आया है। भाषा विकास को समाज विकास से जोड़कर, राजनीतिक भाषा और गतिविधि
का अध्ययन करने के लिए उत्सुक विद्वानों को शब्दों में अर्थ-भराव की लोक-वृत्त्ति
के माध्यम से राजनीतिक आंदोलनों को समझने की दिशा में सोचना चाहिए। पता नहीं, यह
उन के काम का नहीं भी हो सकता है। यह शंका क्यों? इसलिए कि अध्ययन एक मानकीकरण को पुष्ट करने की प्रक्रिया
है और लोक-वृत्त्ति मानकों को ध्वस्त कर आगे बढ़ने की प्रक्रिया है। लोक और
शास्त्र का द्वंद्व तो चलता ही रहता है। इस द्वंद्व में अंततः लोक ही सिद्ध होता
है। ऐसा इसलिए कि शास्त्र सिर्फ शब्द-योग कर सकता है। लोक शब्द का अर्थ-रूढ़ करता
है। समाज-सतर्क अध्येता शब्द-अर्थ प्रक्रिया में अंध लोक रुझान से बचने की कोशिश
करते हुए योग-रूढ़ अर्थ को स्वीकारता है। समाज-सतर्क साहित्य भी यह काम करता है।
कानूनों के बनने की प्रक्रिया में भी इसका उपयोग होता हो या हो सकता हो, मुझे नहीं
मालूम।
मानव सभ्यता की संरचना का नाभिकीय
प्रसंग है - न्याय। शुभ-अशुभ, तमस-ज्योति,
अंधकार-प्रकाश, प्रेम-विग्रह, संधि-विच्छेद, उचित-अनुचित अस्ति-नास्ति, दर्शन-निदर्शन,
विचार-व्यवहार, अर्थात जितने भी तरह के द्वंद्व हैं उसका मूल द्वंद्व होता है —
न्याय-अन्याय। न्याय को बाँग्ला में विचार कहते
हैं; न्यायाधीश को विचारपति। काफी समय हो गया। एक नाटक में इस विचारपति पद के
प्रयोग पर चौंक गया था। विचार का पति! मन में बहुत मंथन होता रहा, खैर अभी यहाँ उसकी
विस्तृत चर्चा नहीं करूँगा। अभी, इतना ही कहना है कि न्याय को सुनिश्चित करने के
लिए विचार बहुत जरूरी होता है। न्याय की अवधारणाओं,
प्रारूपों, प्रसंगों की चर्चा की जाती रही है। पिछले दिनों अनिमेष प्रियदर्शी जी
से फेसबुक पोस्ट पर टिप्पणी के संदर्भ में ईश्वर और न्याय पर काफी बात हुई। फेसबुक
पर जैसा कि होता है, चर्चा अधूरी ही रह गई। जीवन में अधूरी बातें बार-बार लौटती
हैं, पूरी होने की चेतावनी और चुनौती लेकर। मोहन राकेश का बहुत प्रसिद्ध नाटक है – आधे अधूरे। आधा भी पूरा नहीं, आधा भी अधूरा ही! मौका मिले तो, देखना चाहिए। ज तो वह पहले से भी अधिक
प्रासंगिक है। प्रेमचंद साहित्य की शुरुआत में ही यह प्रसंग उपस्थित हो गया था याद
कीजिए – पंच परमेश्वर। न्याय में सब से
बड़ी बाधा होती है — बिगाड़ के डर से ईमान की बात न कहना। अधिकतर मामले में अन्याय
को पीछे से प्रियता उकसाती, प्रोमंपटियाती रहती है। सरवाइवल ऑफ द फिटस्टेट की
वैज्ञानिकता अपनी जगह, सरवाइवल ऑफ द डियरेस्ट का प्रभाव तो यत्र, तत्र, सर्वत्र दिख
ही जाता है। मत्स्य न्याय, मछली न्याय पर तो अक्सर चर्चा होती रहती है — बड़ी मछली,
छोटी मछली को निगल लेती है। समाज में मजबूर मान्यता इस की बन ही जाती है। कभी-कभी,
अपवाद रूप में, बड़ी मछली के गले में छोटी मछली उपद्रव मचाते हुए बाहर निकल आती है।
मजबूर मान्यता के शिथिल होने पर लोगों को मजा भी खूब आता है, सभ्यता विमर्श की
चादर पर यह अपवाद बहुत फबता भी है। भारतीय न्याय विचार में तो बहुत सारे और भी
प्रसंग हैं — चित्र-तुरंग, न्याय, काग-दधि न्याय आदि।
बहरहाल, बड़ी मछली, छोटी मछली को न
निगल पाये इसी के लिए तो इतनी लंबी-चौड़ी, चाक-चौबंद न्याय व्यवस्था, संविधान आदि
का इतना महत्त्व है। लॉर्ड हेवर्ट (Lord Hewart) ने 1923 में
कहा था — न्याय होते हुए दिखना भी चाहिए। पूरे सौ साल हो गये। यह उक्ति चर्चा में बनी
रहती आई। विद्वानों ने इस पर काफी विमर्श किया, पक्ष-विपक्ष में ढेर सारे
तर्क-वितर्क हैं। बावजूद इसके, यह उक्ति न्याय के संदर्भ में सुग्राह्य लोकोक्ति
बनी हुई है, खास कर छोटी-बड़ी के अनसुलझे सवाल के कारण। लेकिन फिर भी, यह सवाल तो
प्रासंगिक है न कि न्याय होते हुए किस को दिखना चाहिए? उक्ति लोक प्रिय है, दिखना भी लोक
चाहिए। तो क्या न्याय को लोक दीठि में
होने के लिए लोक प्रियता के दबाव में आना चाहिए? लोक प्रियता का दबाव अंततः भीड़-न्याय के रास्ते हम्मूरब्बी
के आँख के बदले आँख के सिद्धांत पर पहुँच जायेगी और महात्मा गाँधी की चेतावनी के
अनुसार पूरी दुनिया अंधी हो जायेगी। इससे बचना होगा। लोक दीठि और लोक प्रियता के दबाव
से न्याय को बचना-बचाना होगा। इस प्रसंग में, एक बात और कहना जरूरी है। कि यह अंध
लोकवादी रुझान नहीं है। न्याय होते हुए दिखना भी चाहिए, लेकिन जो दिखे उस पर समझदारों
को हो-हल्ला से बचना चाहिए। लोक प्रियता सुनिश्चित करने के दबाव के कारण लोकतंत्र
का जो हाल हुआ है, सामने है। ध्यान रहे, लोक प्रियता को बहुमत में बदलना आसान होता
है, बहुमत लोकतंत्र का प्राण होता है इसलिए लोकतंत्र पर लोक प्रियता का भयंकर दबाव
रहता है। इस दबाव को जन-उत्तेजक नेता (Demagogue) लोक लुभावन
बातों के सहारे लोक विन्यास में भारी उथल-पुथल मचाकर लोकप्रियता सुनिश्चित करते
हैं, भले ही लोकतंत्र उपद्रव-ग्रस्त हो जाये। कभी-कभार, अपवाद स्वरूप, तथा कथित छोटी
मछली बड़ी मछली के गले से बाहर निकलने, निगल लिये जाने से बच जाये। लेकिन तथा कथित
बड़ी मछली तो, आखिरकार बड़ी मछली होती है! ऐसे में बड़ी मछली पूरे तालाब में हरबिर्रो मचा देती
है। तालाब में मछलियाँ ही नहीं हम जैसे घोघाबसंत भी रहते हैं। इन घोघाबसंतों की
हालत सब से ज्यादा दयनीय हो जाती है।
निमाई ने कई लोगों से सामाजिक संपर्क करने की कोशिश की। मदद माँगी। टेका
लक्षण बताया। पाँच-छ लोगों ने ध्यान से सुना। उनकी मुख मुद्रा गंभीर थी। कहा किसी
ने कुछ नहीं। कोई आँख नीची करके ,चला गया। कोई उड़ती नजर डालकर। एक बात उन में
कॉमन थी। गौर से देखने पर पता चला। चाल किसी की सीधी नहीं थी। क्या ये लोग भी
कंठरोध के शिकार हैं। नहीं कोई और बात होगी। एक बात और थी कॉमन। गौर करने लायक।
पूरी बात सुनकर उन में से सभी ने जेब से रुमाल निकाला। रुमाल के साइज और कलर अलग-अलग
तरह के थे। निमाई ने गौर किया। मुँह पोंछते हुए निकले। उस रुमाल में कोई बात हो
सकती है। कोई रहस्य। क्या डर का रुमाल। डर का रुमाल! डरता हर कोई है। हमलावर भी।
शिकार भी। डर हवा है। हवा हर किसी को लगती है। निमाई को याद है। कुछ साल पहले की
बात। गली में फेरीवाला या था। वह बहुत जोर दे रहा था। चादर खरीदने पर। उसे दुख था।
चादर बिक नहीं रही थी। धड़ल्ले से। कीमत ज्यादा थी। चुकाने की हैसियत नहीं थी। पत्नी
ने एक दिन बताया। घर के पास तालाब किनारे के पेड़ का इशारा किया। वहाँ जल चढ़ाने
जाना होता था। असल में पानी डालने जाता था। पत्नी ने भैरवी आँख तरेरी थी। पानी
डालने नहीं। जल डालने। तब से पानी डालना बंद। जल चढ़ाना शुरू। वहाँ वह फेरीवाला।
अपनी चादर को फाड़ रहा था। फाड़कर रुमाल बनाया। कई साइज का। एक रुमाल पेड़ की जड़
की जड़ के पास गड़े पत्थर पर लपेट दिया। यह बात बहुत तेजी से फैल गई। वाइरल हो गई।
इसके साथ ही लिपटकर डर भी फैलता गया। रुमाल! इसके साथ ही रुमाल की माँग
काफी बढ़ गई। फेरीवाला जिसकी तरफ देखता, वही हाथ बढ़ाकर चमत्कारी रुमाल खरीद लेता।
पत्नी ने बताया था। लोग डर के मारे रुमाल खरीद रहे हैं। डर का रुमाल।
निमाई ने भी एक रुमाल खरीदी। पत्नी को दिखाया तो उसने अपना रुमाल दिखाया। यह
रुमाल बहुत दिन पहले माँ से मिली थी। शादी के ही समय। माँ की हिदायत। सम्हालकर
रखना। दोनों को मिलाया। हू-ब-हू एक।
-
काका! ओ काका!
दूसरी बार आवाज सुनकर निमाई ने गर्दन घुमाई। गौर से देखा। उस स्त्री के हाथ
में रुमाल है। उसने भी अपना रुमाल निकाला। ऐसे, जैसे डर से डर मिल रहा हो। निमाई कभी
मैथ्स का टूसन दिया करता था। एक बार एक उद्दंड छात्र ने पूछा। मानस इंटू मानस पल्स
होता है। माइनस टू पल्स माइनस टू बराबर पल्स फोर क्यों नहीं होता है! निमाई का सर चकरा
गया। मैथ्स का टूसन बंद। टूसन क्या दे! जिंदगी का हिसाब गड़बड़ा गया। डर से डर मिलकर
द्विगुणित हो गया।
- - आप को टोका।
बुरा तो नहीं लगा! मैं आप को नहीं जानती। आप भी मुझे नहीं जानते। लेकिन आप जो उधर बात कर रहे
थे। सुना। मेरा भी कंठरोध है। देखा नहीं। पूरी आत्मा का जोर लगाकर मैं ने पुकारा।
आप सुन नहीं पाया। अभी सुन रहा है आप! मैं टेका को नहीं जानती। मैं खुद एक
टेका हूँ। मेरे आसपास और कई टेका हैं। अच्छा अभी चलती हूँ। फिर मिलूँगी।
टेका ना टेकी! मैं उससे कुछ कहना चाहता था। बूढ़ी आत्मा का पूरा जोर लगाकर भी गले से खाली
फुस्स-फुस्स हवा ही निकली। शब्द नहीं। बोल नहीं पाया। कई बार अवसर ऐसे ही गँवाया
है। क्या समय पर सुन नहीं पाता। कुछ का कुछ सुन लेता हूँ! श्रवणभ्रंश के लक्षण हैं।
तभी याद आया। परसो ही, कान पर बैठी मक्खी को रुमाल से उड़ाने की कोशिश की थी।
रुमाल को जेब में रख लिया। फिर कोई मिल जाये! क्या पता? बात आगे बढ़ रही
है। क्या पता?
नौजवान क्या कहें, हाँ नौजवान ही कहना होगा। बड़े बुजुर्ग कह गये हैं, जब
समझदारी आती है — जवानी चली जाती है। हालाँकि इस से यह नहीं समझना चाहिए कि जिन में समझदारी
नहीं होती है, वे जवान बने रहते हैं। बात बस समझाने के लिए बुजुर्ग कह गये हैं।
समझाने के लिए कही बात को अधिक नमराना नहीं चाहिए ¾ या तो समझने के लिए उसे
मान जाओ या फिर न मानो! मेरी मुश्किल यह है कि टेका, यह उस का पुकारे नाम है, शुरू ही हुआ था कुछ
इस तरह : -
-
दादा! कुछ समझ में
नहीं आ रहा। क्या करूँ? क्या न करूँ!
इतना बोलकर टेका चुप हो गया। वह काफी हताश दिख रहा था। उसका उत्साह सब से
निचले स्तर पर था। आसपास किसी का कोई काम हो, किसी को कोई परेशानी हो, टेका हर
किसी के पास खड़ा होता था। कोई भेद नहीं, अपना है, पराया है, किस ने उसके साथ कब
क्या सलूक किया था पहले कभी ¾ उसके ध्यान में नहीं रहता है यह कुछ। वह सिर्फ आदमी और उसकी मुसीबत को
समझता है, निदान की कोशिश करता है। उस ने मेरी भी मदद की है, खासकर करोना के समय।
उसे पस्त हाल देखकर मेरा असहज होना लाजिमी है। उसकी समझ में क्या नहीं आ रहा और
क्या समझना चाहता है, मैं उसे कितना समझा सकता हूँ ¾ यह मेरी समझ में नहीं आ
रहा। फिर भी उसकी चुप्पी को समझने की पहल तो करनी होगी।
-
क्या हुआ टेका जरा
खुलकर बोलो, तो कुछ समझ में आये। वह फिर भी चुप बना रहा।
इन दिनों, मुझे एक परेशानी यह हो गई है। गला एकदम जाम रहता है। आवाज ठीक से
नहीं निकलती है। पत्नी को इससे काफी परेशानी होती है। जो बोलता हूँ, उसे ठीक से
पकड़ नहीं पाती है। किसी बाबाजी से सुन रखा था ¾ मूक होय वाचाल। इसे बुदबुदा देती है, उलटकर
वाचाल होय मूक। करुणाकर की कृपा से ही दोनों होता है। एक किताब है – मूक नायक।
फिलहाल मेरे पास नहीं है। एक दिन तंग आ कर डाक्टर से मिला। डाक्टर ने इसे बहुत हलके
से लिया। टालते हुए कहा कि उम्र के कारण है। गले में बलगम फँसा रह जाता है। जब भी
बोलें गला खखार कर, साफ कर बोलें। डाक्टर को कुछ बताना चाहा तो उसने हँसकर कहा
-
निमाई बाबू ¾ डाक्टर हम
हैं, बोल रहे हैं कि कुछ नहीं हुआ है, ऐसा होता है। यह कोई बीमारी नहीं है, न इसकी
कोई दवा है। आप अब आइए – नेक्स्ट।
मैं जल्दी से बाहर आ गया। पत्नी के पूछने पर
मैं ने बताया ¾ बोला कंठरोध हो
गया है, गुनगुना पानी में एक चुटकी सेंधा नमक मिलाकर गरारा करने से ठीक हो सकता
है। पत्नी से झूठ बोला। उसे शांति मिली। मैं इस झूठ को जानता था। न कभी सेंधा नमक आया,
न कभी न गुनगुना पानी से गरारा की नौबत। बात आई-गई हो गई। लेकिन कंठरोध को मैं
जानता हूँ। मैं ने गला साफ करते हुए फिर पूछा:
-
क्या हुआ जरा
खोलकर बोलो, तो कुछ समझ में आये। वह फिर भी चुप बना रहा।
-
क्या बोलूँ! कुछ समझ में
नहीं आ रहा।
मुझे खुद ही समझना होगा कि आखिर टेका को हुआ क्या है। चारों तरफ जो माहौल
है, कभी भी किसी के साथ कुछ भी हो सकता है। उस ने मेरी तरफ उड़ती नजर से देखा और
उठकर चला गया, कहते हुए :
-
अभी आता हूँ।
उसे थके कदम से जाता हुआ देखता रहा। वह फिर आयेगा, यकीनन। मैं सोचने लगा कि
आखिर उसे हुआ क्या है। फिर आये तो क्या कहूँगा! किसी नतीजे पर नहीं पहुँच
पा रहा हूँ।
क्या आप के आसपास भी कोई टेका रहता है! बता सकते हैं कि टेका को
हुआ क्या है, आखिर। सोचने पर कुछ मिले तो बताइयेगा, मेरी मदद होगी।
ठीक-ठीक
कहना मुश्किल है कि क्या हो रहा है
क्या
आपके इलाके में भी ऐसा हो रहा है
मेरा
मतलब कि जिस इलाके में आप हैं इस वक्त
वहाँ
भी ऐसा कुछ हो रहा है?
कहीं
से हिम-खंडों के दरकने की आवाज
क्या
आप के मन में भी किसी भू-स्खलन सा हो रहा है!
पानी
समेटे हुए बादल हैं या आग के होने की गवाह धुआँ!
भोले-भाले
अच्छे-खासे आदमी के मुँह से अनायास हुआँ-हुआँ!
सारे
मेढक ढूँढ रहे हैं तालाबों के कछेर राह किनारे के कुआँ!
मेरी
तो उम्र हुई, हो सकता मुझ में ही हो उम्र की दहानी
मेरी
आँख में भर जाता है पानी
पानी
या पसीज रही है आँख, या है कोई और ही कहनी
धरती
डग-मग हो रही है या मैं ही जूझ रहा किसी गति-भ्रंश से!
पहली
बार इस उम्र में पहुँचा हूँ इसलिए या त्रस्त हूँ मणि-दंश से!
कुछ
कहा नहीं सकता इसलिए पूछने की हिमाकत है यह आप से!
क्या
आपके इलाके में भी ऐसा हो रहा है
मेरा
मतलब कि जिस इलाके में आप हैं इस वक्त
वहाँ
भी ऐसा कुछ हो रहा है?
ठीक-ठीक
कहना मुश्किल है कि क्या हो रहा है!
इस्तीफा प्रेमचंद जयंती 2023
साहित्य के सच से इनकार नहीं, लेकिन जीवन का सच इस के विपरीत है ¾ इज्जत गँवा कर ही बाल-बच्चों की परवरिश की जाती है। गृहस्थ आदमी साहित्य के सार को बचाये या खुद को बचाये!
---
आज प्रेमचंद का जन्मदिन है। स्वाभाविक है कि पाठकों को उनकी कई बातें, कई प्रसंग, कई रचनाएँ आदि स्मृति में कौंध जाती है। प्रेमचंद की कुछ रचनाओं को लेकर कई असहमतियाँ विवाद बनकर सामने आती हैं। कुछ लोग इसे प्रेमचंद पर हमला की तरह लेते हैं। ऐसे लोग प्रेमचंद के बचाव में तत्पर होते हैं और असहमतियाँ रखनेवालों से उलझ जाते हैं। प्रेमचंद ही, नहीं किसी भी बड़े लेखक या व्यक्तित्व से असहमतियाँ रखनेवालों को उन लेखकों या व्यक्तियों का विरोधी घोषित करने और आक्रामक बचाव में उतर आये लोगों की मुख मुद्रा देखकर मैं खुद भी उलझन में पड़ जाता हूँ। मैं यह मानता हूँ कि प्रेमचंद की रचनाओं पर अपनी सहमति-असहमति के आधार पर अपनी समझ कायम करने के लिए पाठक स्वतंत्र हैं। इस से इतर का रास्ता वीर-पूजा की ओर ले जाता है और असहिष्णु बनाता है। लेखक जो अपने पाठकों या व्यक्ति अपने माननेवालों को अंततः असहिष्णु बनने से रोक नहीं पाये तो अफसोस किया जाना चाहिए कि उसका संदेश ठीक से संप्रेषित नहीं हो पाया। यह अफसोसनाक स्थिति सिर्फ प्रेमचंद की ही नहीं है, हमारे देश में सभ्यता विकास, सामंजस्य-मेलमिलाप का रास्ता खोजने बरतनेवाले कई अति-विशिष्ट लोगों की भी है। ऐसे लेखकों, व्यक्तियों पर आक्रमण या बचाव की नकली बहस से बाहर निकलकर अपने समय में लोगों को असहज करनेवाली परिस्थितियों में हमारे अपने बचाव में ये कैसे हमारी मदद कर सकते हैं। मेरी समझ यह है कि हमारे लिए प्रेमचंद अत्यंत प्रयोजनीय हैं, पूजनीय नहीं। इस पर फिर कभी।
अभी, मैं अपनी बात कहूँ। बचपन में ही मुझे स्कूली पढ़ाई के बाहर दो किताबों को पढ़ने का मौका मिला — रामचर्चा और पंचवटी। रामचर्चा के लेखक, प्रेमचंद और पंचवटी के कवि मैथिली शरण गुप्त। दोनों का मेरे मन पर गहरा प्रभाव पड़ा। आगे चलकर अन्य रचनाकारों के साथ इनकी रचनाओं को भी ठीक से पढ़ने और समझने का अवसर चुनौती की तरह आया। इनको पढ़ना और समझना कितना आया ठीक-ठीक कह पाना मुश्किल है। ऊपर से मुसीबत यह कि लिखने की ललक का शिकार हो गया। जीवन के अच्छे-बुरे तो क्या कहें, सुख-दुख में जिन रचनाकारों की विभिन्न रचनाओं, पंक्तियों की कौंध ने सहारा दिया, उन में प्रेमचंद महत्त्वपूर्ण हैं।
जीवन का आधार नौकरी में पाया। नौकर-चाकर की जिंदगी जैसी होती है, वैसी रही। एक बात यहीं बता दूँ, नौकरी बस नौकरी होती है ¾ छोटी हो या बड़ी। विवाहित लोगों में शायद ही ऐसा कोई होता या होती है जिसकी दिमाग का काँटा तलाक की तरफ कभी न लपका हो, उसी तरह नौकरी करके घर परिवार चलानेवालों में शायद ही कोई ऐसा होगा जिसके मन में कभी-न-कभी इस्तीफा का ख्याल न आया हो। लेकिन अधिकतर लोग तलाक और इस्तीफा से बच जाते हैं, किसी-न-किसी तरह निभा ले जाते हैं, खींच लेते हैं। इसके क्या कारण हैं या हो सकते हैं! दोनों का कारण एक ही है - परिवार के बरबाद हो जाने का डर। इस डर के सामने होते ही प्रेमचंद की कहानी इस्तीफा की याद आती है। पढ़िये प्रेमचंद की कहानी इस्तीफा का यह प्रसंग ¾ ‘मगर इनका परिवार तो मिट्टी में मिल जाता। संसार में कौन था, जो इनके स्त्री-बच्चों की खबर लेता। वह किसके दरवाजे हाथ फैलाते? यदि उसके पास इतने रुपये होते, जिसे उनके कुटुम्ब का पालन हो जाता, तो वह आज इतनी जिल्लत न सहते। या तो मर ही जाते, या उस शैतान को कुछ सबक ही दे देते। अपनी जान का उन्हें डर न था। जिन्दगी में ऐसा कौन सुख था, जिसके लिए वह इस तरह डरते। ख्याल था सिर्फ परिवार के बरबाद हो जाने का।’ कहानी में यह मनःस्थिति फतहचंद की है। प्रेमचंद दर्ज करते हैं, फतहचंद का नाम ‘हारचंद’ भी होता तो कोई फर्क नहीं पड़ता। क्यों? इसलिए कि फतहचंद के लिए ‘दफ्तर में हार, जिंदगी में हार, मित्रों में हार, जीवन में उनके लिए चारों ओर निराशाएँ ही थीं।’
फतहचंद को जीवन में पहली फतह हासिल तब हुई, जब उन्होंने इस्तीफा दे दिया। इस्तीफा देने की हिम्मत कैसे आई! पत्नी ने कहा ¾ ‘आदमी के लिए सबसे बड़ी चीज इज्जत है। इज्जत गँवा कर बाल-बच्चों की परवरिश नहीं की जाती।’
साहित्य के सच से इनकार नहीं, लेकिन जीवन का सच इस के विपरीत है ¾ इज्जत गँवा कर ही बाल-बच्चों की परवरिश की जाती है। गृहस्थ आदमी साहित्य के सार को बचाये या खुद को बचाये! आप मुझ से असहमत हो सकते हैं, मौका मिले तो पढ़ लीजिएगा प्रेमचंद की कहानी ¾ इस्तीफा! फिर बात करते हैं!
कुछ कहियेगा जरूर सहमति-असहमति परवाह किये बिना — बेबाक और बेलाग! न सुनने के संसदीय सिंड्रोम की चपेट में फँसे होने के बावजूद, मैं सुनने की कोशिश जरूर करूँगा, क्योंकि इससे मुझे किक (क्विक) मिलती है। समझने-समझाने के लिए युनिवर्सीटी की सुविधा हासिल करने की योग्यता तो है नहीं, यह लिहाजन फेसबुक ही मेरी अदब शाला है और मैं यहाँ, बाअदब होशियार रहता हूँ!
आदरणीय मित्र महेश मिश्र सर, यानी @Mahesh ने 09 जुलाई 2023 को मेरी एक बात
—‘कविता रोटी नहीं देती। रोटी को बाँटकर खाने की तमीज़ देती है’ — को यहीं फेसबुक पर कोट-पोस्ट किया था। इस पर कुछ मित्रों की राय सामने आयी। दिगंबर यानी @Digember सर, ने कहा ‘असली सवाल उत्पादन का नहीं, वितरण का है ... Kavita अगर यह तमीज दे तो फिर क्या कहने ...’। हालाँकि, उत्पादन का सवाल भी महत्त्वपूर्ण है और वितरण का सवाल भी महत्त्वपूर्ण है। लेकिन, इस पर मेरा कहना था —
‘वितरण के लिए ज्ञान+विवेक=बोध चाहिए। बोध, यानी अयं निजः, परोवेति गणना लघुचेतसाम को समझते समझाते उस से ऊपर उठते उठाते उदार चरितानाम के रास्ते वसुधैव कुटुम्बकम तक पहुँचने का हौसला। इस तरह रोटी (इस में सारी माँग शामिल है) को बाँटने (वितरण) का बोध (तमीज) देती है। उत्पादन के लिए ज्ञान काफी होता है, उस काम में कविता दूसरे पायदान पर खड़ी होकर सहयोग करती है — ध्यान में होना चाहिए धनरोपनी से लेकर हर काम में मजदूरों के गीत। हालांकि, जब से श्रम के आनंद का सत्य और सौंदर्य विलुप्त हुआ शिव-तत्त्व का क्षरण हुआ। विज्ञान दूसरे पायदान पर खड़े रहकर बाँटने का औजार यानी साधन देता है — निर्माण (वेल्यू एडिशन) अर्थशास्त्र या परिवहन, परिसेवा आदि के साधन। कविता और विज्ञान साथ मिलकर काम करते हैं। मोटे तौर पर, पहले कविता शुरू हुई। विज्ञान बाद में शुरू होकर आगे निकल गया। कविता संस्कृति का अंग बनकर पीछे की तरफ उन्मुख होती गई और विज्ञान आगे बढ़ता गया। कविता और विज्ञान में जड़ (रूट) और तने का संबंध है — वृक्ष की जड़ नीचे की ओर जाती है और तना ऊपर की ओर, दोनों में विरोध नहीं होता है, विरुद्धों का सामंजस्य होता है (युनिटी आफ अपोजिट्स)।
इजाजत हो तो, एक स्वतंत्र पोस्ट डालूंगा। आप के सवालों से बहुत सारी बातें याद आई कहें तो किक (क्विक), आभार।’
जो बहुत सारी बातें याद आई, उस में से एक प्रसंग — वे दिन थे, जब नौकरी के सिलसिले में कलकत्ता, अब कोलकाता, रह रहा था। मनोज दुबे @Manoj से नया-नया परिचय हुआ था, बड़े इत्तिफाक से और नाटकीय अंदाज में। इस पर फिर कभी। हम राष्ट्रीय पुस्तकालय में थे। मनोज ने श्री हरेराम चतुर्वेदी यानी @Hareram से परिचय करवाया। हम तीन लोग रापु (बतर्ज दपू) यानी राष्ट्रीय पुस्तकालय के कैंटीन में आये। शाम का वक्त, दो ही समोसे बचे थे। मनोज ने दोनों समोसे को सामने रख दिया — अब शोले के गब्बर सिंह का वही सवाल उठ खड़ा हुआ, कितने समोसे थे, कितने आदमी थे! मनोज ने कहा कि अब इस दो का तीन में बँटवारा कैसे हो। हरेराम ने कहा — भई इस में क्या है! जिसको जितनी भूख हो, ले ले! मैं ने पूछा — यह पता कैसे चलेगा कि किस को कितनी भूख है? इस पर हरेराम जी ने बहुत सारे जवाब दिये जो अपनी बनक में दार्शनिक किस्म के थे। मैं उनके जवाब से असंतुष्ट हुआ। उन दिनों जवानी थी, तो सहज-स्वभाव थोड़ा उग्र टाइप का था। मैं ने हनकते हुए कहा — आप जिस स्कूल से बोल रहे हैं, मैं उसका हेडमास्टर हूँ। आप को समझ में नहीं आ रहा मैं वेरिफाइबलेटी ऑफ ट्रूथ, सत्य के सत्यापन के सिद्धांत की बात कर रहा हूँ। अपनी हनक पर आज मुझे अफसोस है, बेहद अफसोस है, खासकर खुद को हेडमास्टर घोषित करने की बात पर। शहर उनका था, मैं नया था। आजकल की स्थिति में बिना लपकी-झपकी के इतिवार्त्ता तक पहुँचना असंभव ही लगता है। खैर, हरेराम जी की उदारता थी, वैसा कुछ अप्रीतिकर नहीं हुआ। तब तो नहीं, लेकिन इसके लिए आज मैं उनका कृतज्ञ हूँ। हालाँकि, उन दिनों के मित्रों से बातचीत में वही तेवर, वही मिजाज लौट आता है, बिना किसी कैफियत के इसे यहीं छोड़ता हूँ।
अभी पाँच-सात दिन पहले हरेराम जी का फोन आया। यहाँ जो प्रासंगिक है उसे सामने रखता हूँ। उन्होंने कहा — प्रेमचंद ने साहित्य को राजनीति के आगे चलनेवाली मशाल कहा था। आज राजनीति कहाँ है, और साहित्य कहाँ है? मैं ने कहा — प्रेमचंद ने साहित्य को राजनीति के ही नहीं राजनीति और देश भक्ति के आगे चलनेवाली मशाल कहा था। प्रेमचंद ने साहित्य और राजनीति (क्या आप राजनीचि शब्द का इस्तेमाल करना चाहेंगे, मैं तो ऐसा करना नहीं चाहूँगा) के बारे में कहा था, साहित्यकार को राजनेता के आगे चलनेवाला मशालची नहीं कहा था। लौटते हैं, फिर उसी बात पर कि साहित्य राजनीति के आगे चलता है या नहीं! मैं ने महात्मा गाँधी पर सत्य हरिश्चंद्र के प्रभाव की बात कही। मैं ने आज के संदर्भ में तुलसीदास कबीरदास की बात कही। मेरे मन भारतीय संविधान की नीति निर्देशक सिद्धांत में भक्ति साहित्य, खासकर संत परंपरा के निर्गुन साहित्य की मूल्य श्रृँखला की बात कही। उस समय वे मेरी बात से संतुष्ट हुए या नहीं, पता नहीं। पता हो भी कैसे! खूब कहने और बिल्कुल नहीं सुनने के संसदीय सिंड्रोम की चपेट में फँस जाने के मामले में मैं भी कोई कम थोड़े हूँ! संतुष्ट न हुए हों तो कोई बात नहीं, रुष्ट हुए हों तो हरेराम जी को मना लेंगे, सुजन हैं, बिना किसी गाँठ के मान जायेंगे, विश्वास है। एक बात बताऊँ! न बताना अपराध होगा। हरेराम जी की बात से मुझे एक किक (क्विक) (प्रेरणा या सूझ, अंतर्सूझ पुरानी शब्दावली है) मिली तो मैं ने एक कविता लिखी और फेसबुक पर डाली — सवाल है तो सवाल कर खुद से, याद नहीं तो क्यों याद नहीं। उस में हसरत मोहानी का प्रसंग है। हसरत मोहानी संविधान सभा के एक मात्र सदस्य थे, जिन्होंने संविधान के अंतिम पाठ पर हस्ताक्षर करने से मना कर दिया था और नहीं किया था। कारण कि उनके अनुसार मजदूरों और शायद किसानों के भी हितों की सम्यक रक्षा का कोई कारगर प्रावधान शामिल नहीं था। किसे याद है! रात दिन आँसू बहाना याद है, उन्हीं का लिखा है। छोड़िये से भी फिलहाल। इन्कलाब जिंदाबाद तो याद है न, या यह भी याद नहीं! यह भी हसरत मोहानी की शायरी से आया है, जिसे दुहराकर शहीद भगत सिंह ने अपने साथ-साथ अमर कर दिया! मानियेगा अब भी कि साहित्य राजनीति से आगे चलनेवाली मशाल है और वह हुस्न का मय्यार बदल देता है! एक बात और कुछ कहियेगा जरूर सहमति-असहमति परवाह किये बिना — बेबाक और बेलाग! संसदीय सिंड्रोम की चपेट में फँसे होने के बावजूद, मैं सुनने की कोशिश जरूर करूँगा, क्योंकि इससे मुझे किक (क्विक) मिलती है। समझने-समझाने के लिए युनिवर्सीटी की सुविधा हासिल करने की योग्यता तो है नहीं, यह लिहाजन फेसबुक ही मेरी अदब शाला है और मैं यहाँ, बाअदब होशियार रहता हूँ!
मैं आप से बात करना चाहता हूँ
जानता हूँ, फिलहाल वक्त नहीं है आपके पास
इसलिए बात करना तो बहुत ही मुश्किल है इन दिनों
मुश्किल है बात करना इसलिए बता भर देना चाहता हूँ
मेरे मन में भयानक सिकोड़ हो रहा है
इस सिकोड़ का रिश्ता मेरे इलाके में
रह रह कर पेट में उठनेवाले ममोड़ से कितना और कैसा है
कह नहीं सकता लेकिन, मेरे मन में भयानक सिकोड़ हो रहा है
इंटरनेशनल या ग्लोबल या ऐसे ही किसी विस्तार से
डर लगने लगा है मन, मन बहुत डर लगने लगा है
न याद करूँ झारखंड को, तो गुनाह है मकम्मल* --
फिलवक्त क्या कहूँ, हूँ बंगाल, पश्चिम बंगाल में हूँ
जी हाँ, आराम से ही हूँ, जी आराम से हूँ फिलवक्त
जानता हूँ इतना ही नहीं है भारत,
मन णणिपुर हुआ जा रहा है।*
मेरा मन तो अब मिथिला तक सिमटकर रह जा रहा है
बहुत जोर मारकर भी बस बचे हुए बिहार तक पहुँच पा रहा है
उससे आगे नहीं जा पा रहा है, बहुत पुचकारने के बावजूद
इसे कविता न समझें, आप के पास बेहतरीन कविताएं हैं
इसे बस एक गृहस्थ की हताशा और अनास्था समझ लें
जानता हूँ, आप के पास आशा और आस्था के बेहतरीन काऱण हैं
जानता हूँ, बेहतरीन काऱण हैं कि फिलहाल वक्त नहीं है आपके पास
मेरे मन में भयानक सिकोड़ हो रहा है
बहुत ही भयानक होता है मन का सिकोड़
और दर्दनाक भी इस पर बात करना
न बताना बहुत ही खतरनाक, इसलिए बता रहा हूँ
मेरे मन में भयानक सिकोड़ हो रहा है।
जानता हूँ इतना ही नहीं है भारत,
मन मणणिपुर हुआ जा रहा है।*