पूर्वग्रह संचालित समाज:क्या हम एक असंभव दौर से गुजर रहे हैं!

पूर्वग्रह संचालित समाज:
क्या हम एक असंभव दौर से गुजर रहे हैं! 
--------
आचार्य रामचंद्र शुक्ल जिसे जनता की चित्तवृत्ति कहते हैं वह असल में पूर्वग्रहों के समुच्चय या setसे बनती है। पूर्वग्रह धारणाओं (या perceptions) को बद्धमूल बनाती है और फिर धारणाएं भी पूर्वग्रह बनाती हैं, इनमें प्रतिक्रमिक (या vice-versa) कार्य-कारण (या causative) सापेक्षता संबंध (या relative connectivity) होता है। इसी तरह से प्रतिबद्धताओं और जड़ीभूत संवेदनाओं का के समुच्चय भी बनते-बदलते रहते हैं। तात्पर्य यह कि हर युग के अपने पूर्वग्रह, अपनी पूर्वमान्यताएँ (या postulates) विभिन्न अवसरों पर सक्रिय होती रहती हैं। ये सारी प्रक्रियाएँ और परिस्थितियाँ हमारे युग की भी है। ये सारी प्रक्रियाएँ प्राकृतिक क्रम में विकसित होती रहती हैं और समुदायों एवं समाजों पर वर्चस्व की आकांक्षाओं से संपीड़ित समूह भी इसमें सायास और बलपूर्वक शामिल होता है। इस प्राकृतिक-प्रक्रिया को दुष्चक्र से बाहर निकलने, संतुलित करने और सामाजिक सामंजस्य-समरसता बनाये रखने के लिए सांस्कृतिक हस्तक्षेप की बौद्धिक जरूरत होती है। इस पूरे चक्र को समझना अपने समय को समझना है तथा इस ब्यूह में अपनी भूमिका को समझना खुद को समझना है। अपने को और अपने समय को समझना हमेशा बड़ी चुनौती होती है। इस चुनौती का मुकाबला पूर्ण सकारात्मकता के साथ करना कठिन तो होता है परंतु, असंभव नहीं। आज खुद से सवाल है, क्या हम एक असंभव दौर से गुजर रहे हैं!

गुजर जाने के बाद

गुजर जाने के बाद

-------

गुजर जाने के बाद

अपने बचपन को याद करता हूँ,

जो अब सिर्फ यादों में बचा है थोड़ा-थोड़ा

और जो अब लौटकर फिर नहीं आनेवाला

पिता कभी-कभार बुदबुदाते हुए याद आते हैं,

साँप गुजर गया और हम लकीर पीटते रहे

साँप भी नहीं लौटता अपनी छोड़ी हुई लकीर पर

कटोरा समाने लहराते हुए किसी फिल्म का गीत याद आता है

गुजरा हुआ जमाना आता नहीं दुबारा, गजब की कशिश

कशिश मुहब्बत की भी, यौवन की भी

एक पल, एक दिन में कोई नहीं गुजरता है, कुछ भी नहीं गुजरता है!

पता ही कहाँ चलता है कि कैसे पल-पल हम सभी गुजर रहे होते हैं

गुजर रहे होते हैं, न लौटने, कभी न लौटने की स्थिति सामने है और

हमें खबर ही नहीं कि गुजर रहे होते हम पल-प्रति-पल!

गुजर जाने के बाद सिर्फ गुजरे हुए की याद लौटती है बार-बार लौटती है

गुजरा हुआ कभी किसी रूप में नहीं लौटता है, न उसके इशारे लौटते हैं

वक्त! वक्त  ताकतवर होता है, ताकतवर तो कठोर होता ही है

फिर भी वक्त पर कोई आरोप नहीं लगाया जा सकता

माँ! माँ तो बहुत ममतामय होती है, ममता तो होती ही है बहुत कोमल

गुजर जाने के बाद,

माँ की भी सिर्फ याद आती है, माँ का कोई इशारा भी कहाँ आता है!   

कोई इशारा नहीं आता माँ का!   

गुजर जाने के बाद

अपने बचपन को याद करता हूँ।

 

और भी मनोरथ हैं, सुंदर सुखद जाल के इतर

 
और भी मनोरथ हैं, सुंदर सुखद जाल के इतर: मतलब हाँ भी ना और ना भी हाँ! 
––––––
कल शाम तक सब कुछ ठीक था। चिड़ियों में बहस बहुत तीखी थी, स्वाभाविक से थोड़ी-सी अधिक तीखी। मुक्ति के मुहानों की तलाश पर बहस हो रही थी। 
मुझे क्या करना था! मैं तो मुक्ति, मोक्ष, निर्वाण आदि की गूँजों-अनुगूँजों से भरी सभ्यता-संस्कृति की इस धरा-धाम पर इन सबसे निरपेक्ष रहने में अपने भले की राह तलाश चुका हूँ और लगभग संतुष्ट हूँ। लगभग इसलिए कि पूर्ण कुछ नहीं सब लगभग है। यह लगभगाई दौर है। 
मंत्र पुराना है, अर्थात मध्य-वर्ग : मज्झम निकाय! मतलब हाँ भी ना और ना भी हाँ।
सुबह का नजारा काफी उत्तेजनापूर्ण था। शाम को जो बहस जाल और जंजाल से मुक्ति के मुहानों की तलाश पर थी, सुबह तक वह जाल के कलात्मक सौंदर्य के बखान तक पहुँच चुकी है। एक-से-बढ़कर एक बखान! बखान कि कौन-सा जाल कितना मनोरम है और कौन-सा जाल किसके मनोरथ का हिस्सा है। 
निष्कर्ष तक पहुँचने में अभी देर लगेगी। स्वीकार करूँ कि निष्कर्ष में मेरी दिचस्पी बढ़ती जा रही है। दिलचस्पी अपनी जगह, जरूरतें अपनी जगह। वैसे, और भी मनोरथ हैं, सुंदर सुखद जाल के चयन के इतर।


सृजन के संगी

सृजन के संगी

परिवार में शिक्षा की नैसर्गिक आकांक्षा तो थी, लेकिन सायास सचेतनता नहीं थी। पैदल पहुंच में स्कूल (राजेंद्र उच्च विद्यालय, जारंगडीह) कॉलेज (कृष्णवल्श्वलभ महाविद्यालय, बेरमो) थे, सो लोकलाज के अदृश्य दबाव से बीए तक की शिक्षा कोलियरी के बातावरण में बीए तक की शिक्षा मिल गयी। असली चुनौती पीजी पार करने की थी। निजी और पारिवारिक कारणों से तत्काल रोजगार पहली जरूरत थी। राँची विश्वविद्यालय का छात्र था। अपने-अपने अध्ययन अहंग कैलास पर अवस्थित अध्यापकों के नाम याद हैं। लेकिन उनकी चर्चा फिर कभी। निजी जरूरत और अकादमिक अनाकर्षण ने रोजगार की ओर अधिक तेजी से उन्मुख कर दिया। रोजगार मिल गया। अकादमिक दुनिया को अलविदा कहने का मौका मिल गया। अध्यापक बनने का मौका, मोह तो था ही नहीं, छोड़ना अच्छा नहीं रहा। अध्यापक को जीवन में हजारों युवा का साहचर्य मिलता है। अध्ययन उनके लिए धर्म भी होता है और कर्म भी। तात्पर्य पढ़ने पढ़ाने, उसी से रोजगार पाने के लाभ का अवसर मिलता है। सृजनशील अध्यापकों को सृजन के संगी और साक्षी दोनों मिल जाते हैं। अकारण नहीं है कि कम-से-कम हिंदी साहित्य की सृजन भूमि के अधिकांश पर अकादमिक लोगों की दमक और धमक है। 

सृजन और शिक्षण में गहरा संबंध होता है। सृजन करते हुए मनुष्य सीखता है। सीखते हुए मनुष्य सृजन करता चलता है। सृजन और शिक्षण कभी अकेले नहीं होता है। उत्कृष्ट सृजन उत्कृष्ट शिक्षण का और उत्कृष्ट शिक्षण उत्कृष्ट सृजन का अवसर पैदा करता है। रूपक में कहें तो अच्छे छात्रों के बीच शिक्षक की उत्कृष्टता बनती रहती है और अच्छे शिक्षक से शिक्षा पा कर छात्र उत्कृष्ट होते चलते हैं। सह-सृजन और सह-शिक्षण में कार्य-कारण श्रृँखल संबंध होता है। सृजन और शिक्षण  सह-संभवा सामाजिक प्रक्रिया है। यहाँ, समाज और भीड़ के एक अंतर को याद रखना जरूरी है। समाज में व्यक्ति का, या कह लें एक का अनेक से, अभिन्न स्तरों पर दीर्घकालिक और बहुआयामी सचेत संपृक्ति या जुड़ाव होता है। भीड़ में एक का अनेक से एकल स्तर पर अल्पकालिक एक आयामी और अचेत जुड़ाव होता है। समाज से सृजन और भीड़ से संहार का अभिन्न संबंध होता है। समाज-तत्त्व घटता गया तो सृजन की संभावनाएँ भी घटती गई, भीड़-तत्त्व बढ़ता गया तो संहार की आशंकाएँ भी बढ़ती गई। समाज के भीड़ में बदलते जाने की चुष्चक्रीय-प्रक्रिया को सृजन ही थाम सकता है।

एक का किसी दूसरे के संपर्क में आने पर समाज बन जाता है, इसे इस तरह से भी समझा जा सकता है कि समाज-तत्त्व ही एक का दूसरे से अभिन्न स्तरों पर दीर्घकालिक और बहुआयामी सचेत जुड़ाव का समवायी या सहकारी अवसर बनाता है। शिक्षण कर्म की ही तरह, साहित्य सृजन भी सह-संभवा सामाजिक प्रक्रिया है। अन्य सृजन की तरह ही, साहित्य भी अकेले-अकेले नहीं सिरजा जा सकता है। सृजन के लिए सर्जक को सक्रिय (Active नहीं, Cre-active) या निष्क्रिय (Inactive नहीं, Passive), गोचर या अगोचर सह-सृजक (Co-creator) जरूरी होता है। सह-सृजक आलोचनात्मक संवाद और संवेद संपन्न दोस्त या प्रेमी-प्रेमिका हो सकता है। बस रूपक के तौर पर, अभिसार में जैसी भूमिका दूती की होती है सृजन में वैसी ही भूमिका सह-सृजक की होती है। संगी न हो तो सृजन कहाँ संभव! वे धन्य थे जिन्हें सृजन-संगी मिले और उनके माध्यम से बेहतर साहित्य संभव हो सका। अब ऐसा धन्य-भाग कहाँ!  

नमस्ते जीवन!

प्राकृतिक संयोग की दास्तान और
जीवन की रूढ़ पारिस्थितिकी
साथ-साथ चलती रहती है! 
कभी-कभी इस कदर भी कि
शक्ति के मातृरूप में संस्थित होने का दिन 
मातृभूमि पर मातृहीन होने का दिन बन जाए! 

होता है कुछ इस कदर भी कि 
संवेदनशील होने की आकांक्षा का 
समापन संवेदन शून्यता में जाता है! 

मन समझे तो अच्छा! 
मन सम्हले तो अच्छा! 
जीवन में सृजन भी अच्छा! 
जीवन में विसर्जन भी अच्छा! 
रही बात दिन की
सभी दिन समान होते हैं! 
बात दीगर कि 
सब दिन होत न एक समान! 

अब! 
आगे की सुधि लेना ही जीवन है! 
नमस्ते जीवन! 

बिसर गया

उसने कहा बिसर जाइए
सब कुछ बिसर गया

चोटिलताओं के साथ चलता रहा
ऑटो मिला पैदल चलने को बिसर गया 

रेल मिली, शायिका मिली
जागरण बिसर गया

हवाई जहाज ने सब कुछ बिसरा दिया
अपनी जमीन भी बिसर गयी

हजार रूप होते हैं जंगल के
एक जंगल कटता गया
एक जंगल पसरता गया
इस तरह सब बिसरता गया 
याद बस इतना रहा
किसी काम का नहीं 
किसी के काम का नहीं!
क्या यही है जिंदगी! 
क्या यही होती है जिंदगी
बिसरों का याद रखना! 

जाने क्यों

जाने क्यों मन मचलता है
जाने क्यों दिल नहीं लगता है 
कैसी बही बयार
मन का पाल नहीं खुलता है 
रेत-ही-रेत नदी में जाने क्यों
अब इधर से पानी नहीं बहता है 
सूरज तो वैसे ही
उठता है, ढलता है 
अंधेरा आराम से टहलता है!
वक्त कभी इस तरह भी बदलता है! 

सिर और मुकुट

धीरे-धीरे सिर छोटा होता जाता है। 
धीरे-धीरे मुकुट बड़ा होता जाता है। 
फिर मुकुट चेहरे पर उतर आता है।
मुकुट मुखौटा बनकर रह जाता है। 
मुकुट मुखौटा कवच न बन पाता है।
वक्त न तो मुकुट देखता है न मुखौटा

रैपर

रैपर चमकीला है
आक्रामक रूप से आकर्षक
 खरीदे जाने के लिए प्रस्तुत 

रैपर जैसा भी हो
कनटेंट की चाहत
रैपर के फटने की कथा लिखती है

रैपर तो अंततः फटता ही भद्रे

और तेरा मन! तेरा मन

और तेरा मन! तेरा मन!
--------------------------
धरती कसमसा उठती है
नदियों का मुँह खुल जाता है 
पर्वत सिहर उठते हैं
डालियों में लचक लौटती है खनक के साथ 
दूब भीतर से हरियर होने लगती है
जब कभी उमड़ता है बादल

समुद्र तो बहुत बड़ा है
पता नहीं वहां क्या होता है 
जब कभी उमड़ता है बादल 

पर्यावरण सरस निर्मल 
अपने नितांत में कुहक उठता है मन
चिड़ै-चुनमुन की फुदक! आह क्या बात है!
अदहन गरम होने लगता है
और तेरा मन! तेरा मन। 
जब कभी उमड़ता है बादल। 

सपना में भगवान

सपना में भगवान

गजब हो गया। गजब कि सपना में आये। जी सपना में आये भगवान। पहले तो यकीन नहीं हुआ। फिर हुआ कुछ ऐसा कि यकीन तो करना पड़ा। यकीन इसलिए करना पड़ा कि मेरी कुछ बातों की खबर उन्हें थी, ऐसा उन्होंने इशारा-इशारा में जाहिर कर दिया। पहले तो मुझे लगा कि यह डाटा चोरी या साफ कहें तो निजता में सेंध का मामला हो सकता है। मन विचलित हो गया। भगवान के अलावा अन्य कोई किसी की निजता को इतने अविकल रूप में कोई जान ही नहीं सकता! प्रभु के अलावा कोई दूसरा अंतर्यामी तो हो नहीं सकता। सोचा तो इस तरह भी जा सकता है कि की प्रभु बनाई निजता की किलेबंदी को प्रभु के अतिरिक्त इतनी सफाई से कोई अन्य भेद ही नहीं सकता है। इस तरह सोचते हुए मुझे लगने लगा कि हो न हो यह ईश्वर का ही कोई-न-कोई संस्करण ही हो सकता है। पुराने संस्करण के भगवान के प्रति नास्तिकाना नजरिया रखना अलग बात है लेकिन इस नव अंतर्यामी भगवान को नकारा नहीं जा सकता है। मैं सोच ही रहा था कि भगवान ने मुस्कुराकर कहा कि नास्तिकता पर सोच रहे हो? इस पर इतना मत सोचो बालक! पता है कि तुम नास्तिक हो। तुम्हारी नास्तिकता के खंडित होने की बात किसी को न कानो-कान खबर होगी, न आँखों-आँख जाहिर होगी। मेरी बात सुनो। बहस में मत पड़ो जो माँगना हो जल्दी से माँग लो अपने लिए, जमात की बात करो।

- माँग लो, मौका है।

- सोचा नहीं प्रभु।

- सोचने-समझने में वक्त मत जाया करो। सोचना-समझना गये जमाने की लत है। जल्दी माँगो ... क्या दूँ!

-  मैं ने कहा प्रभु! नत मस्तक हूँ। आपके पास देने को बहुत है जो चाहे दे दें। बस अपना अहंकार न देना।

- दुष्ट मेरे अहंकार की बात करता है!

मैं माफी माँगने के लिए झुका तो झुकता ही चला गया। इतना झुका कि सपना टूट गया। हे प्रभु, इस टूटे सपना को कहाँ रखूँ!  

अनुभव और स्मृति

जीवन बहुत विचत्र है। अतीत की घटनाओं के साथ कई मधुर, तो कई कटु और दुखदाई अनुभव भी जुड़े रहते हैं। जो अनुभव कटु और दुख भरे होते हैं वे भी स्मृति में मधुर बनकर ही सुरक्षित रहते हैं और बार बार दिमाग पर दस्तक देते हैं। हमें भी चाहिए कि अतीत के कटु और दुख भरे अनुभव को उनके स्मृतिजन्य मिठास ग्रहण करने की कोशिश करें। कटु और दुख भरे अनुभवों के स्मृतिजन्य मिठास में जीवन का आनंद छिपा रहता है। इस आनंद को हासिल करना एक कला है। 

न थी

भाषा बेजुबान और आंख इतनी बेआवाज़ तो पहले न थी
हालात जैसे भी थे चेहरे पर मुस्कान इतनी नाकाम न थी
सड़क पर इंतजाम, इतना कुछ उसकी जिंदगी में भी न था
फलसफा बेआबरू कि जंग में शामिल मेरा गांव क्यों न था! 



बेखबर नदियाँ रहती हैं, शायद

बेखबर नदियाँ रहती हैं, शायद!
-------
समुद्र ठहरा दिखता है
मगर आंतरिक गतिमयताओं और हलचलों
को तो वही जानता है न! 
किस नदी की किस धारा के इंतजार में
ज्वार भाटा के आलिंगन में
पछाड़ खाता है
समुद्र जानता है
और जानता है थोड़ा थोड़ा चाँद भी!

समुद्र में न निर्माल्य विसर्जित होता है
न अस्थिकलश न राग न द्वेष
समुद्र में सिर्फ़ नदियों को
विसर्जित होने की अनुमति होती है।

ताकि नदियाँ बादल बनें
चाँद से खेलें मुक्त मनोभाव 
और टूटकर बरस जायें धरती पर
धरती के नवसृजन
नव शृंगार का संदेश बनकर
धरती की पर्वतमाला पर
मेखला का वैभव बनकर! 

यह कैसे होता है!
समुद्र को पता है।
पता चाँद को भी है। 
बेखबर नदियाँ रहती हैं, शायद! 
गति और गीत के नाद में!

खोई और मचलती हुई!
सृष्टि ऐसे ही चलती है
मेरी जान, ऐसे ही।

पुनर्परिभाषा का दौर

करोना का कहर हमारी समझ के कई महत्वपूर्ण संदर्भों की पुनर्परिभाषा के लिए हमें उकसा रहा है। इनमें एक महत्वपूर्ण संदर्भ है आजादी। आज आजादी को भी पुनर्परिभाषित करने की जरूरत है। आजादी की यूटोपिया को समझने और निरस्त करने का दौर ये हो सकता है। गांधी जी ने अंतिम आदमी की सामग्रिक स्थिति से जोड़कर देखा। रवीन्द्रनाथ ठाकुर ने आजादी के सपने को इस तरह समझा कि जहाँ चित्त भय शून्य हो, माथा ऊँचा हो, ज्ञान मुक्त हो। 
नागार्जुन. मुक्तिबोध. रघुवीर सहाय आदि ने आजादी के यथार्थ को भिन्न तरह से देखा। 
अंग्रेजी में एक शब्द है independence जिसे हम सामान्यतः आजादी कहते हैं, हालांकि आत्मनिर्भरता अधिक करीब है। अंग्रेजी में एक शब्द है liberation जिसे हम सामान्यतः मुक्ति कहते हैं, हालांकि उदारता अधिक करीब है। 
आजादी, आत्मनिर्भरता, मुक्ति के और उदारता सभी सापेक्षिक अवधारणाएं हैं। 
गुलामी क्या है! कुछ संकेत तो ज्योतिबा फूले की किताब गुलामीगिरी से मिल जायेंगे। बाहरी आजादी या external independence इसलिए महत्वपूर्ण है कि वह आंतरिक मुक्ति internal liberation को सुनिश्चित करती है।
internal liberation या आंतरिक मुक्ति का अभाव external independence को प्रश्नांकित करती है, चुनौती देती है। यह चुनौती खतरनाक हद तक पहुंचे, इसके पहले समय रहते, इन्हें यथार्थ के आइने में पुनर्परिभाषित कर नये सपनों के आकाश में इंद्रधनुष रचने की जरूरत को समझना होगा। 



वक्त बदलने का मतलब

कल 'पर बरहमन झूठा है : कोलकाता में कोलख्यान' की सोलहवीं कड़ी पर फेसबुक रूबरु (लाइव) पर Hitendra Patel भी हमारे साथ रहे। उन्होंने वक्त बदल रहा है को थोड़ा और साफ करने की जरूरत की ओर इशारा किया। इस सक्रिय भागीदारी के लिए मैं उनका आभार मानता हूँ। इस प्रसंग पर भी आज शाम रूबरु में शाम 07.00 बजे संभव हुआ तो चर्चा की जायेगी।
फिलहाल, तो यह कि
---
जिस क्रम में वस्तु का निवास होता है उसे स्थान कहते हैं।जितनी देर में धरती सूर्य की परिक्रमा पूरी करती है, उसे हम 24 घंटा में बाँटकर एकत्र 
करते हैं, यह प्राकृतिक
समय है।
जितनी देर में हम किसी काम को कर लेते हैं वह हमारा व्यक्तिगत वक्त होता है। अब दो व्यक्ति एक काम को संपन्न करने में अलग-अलग समय लगा सकते हैं। इससे उनके 
वक्त में अंतर को समझा जा सकता है। काम का संपन्न होना सामूहिकता 
 पर निर्भर होता है। व्यक्तिगत
वक्त समूह के अधीन होता
है। कई बार इसे वर्क इनवायारामेंट और वर्क
कल्चर के रूप में हम समझते हैं। काम और उपभोग के अवसर और आधिकारिकता
(इंटाइटेलमेंट, संदर्भ अमर्त्य 
कुमार सेन) की स्थिति पर
वक्त का अच्छा या बुरा होना
निर्भर करता है। जिसके पास
यह अवसर और आधिकारिकता जितना अधिक होती है, उसका
वक्त उतना अच्छा होता है। काम के अवसर और आधिकारिकता का सामान्य रूप से व्यापक अभाव, सामान्य और व्यापक रूप से समय का खराब होना है। वक्त के बदलने का मतलब
क्रिया की संपन्नता में बदलाव
की प्रक्रियाओं में बदलने से
होता है। इसमें वर्क कल्चर
को जोड़कर विचार करें तो
काम के अवसर और उपभोग
के अवसर की जटिलताओं में
होनेवाले बदलाव से भी समझा
जा सकता है। इस तरह से हम अपने वक्त में बदलाव को समझ सकते हैं। औकात असल में वक्त का बहुवचन है। और वक्त!
वक्त काम और उपभोग के 
अवसर से जुड़ा है। काम और उपभोग के अवसर और आधिकारिकता का बदलना, औकात का बदलना है। काम और उपभोग के अवसर में असामंजस्य और असंतुलन वक्त को खराब बना देता है। 
हमारा वक्त कैसा है!
फैसला आप कर सकते हैं। वक्त के बदलने का मतलब
क्रिया की संपन्नता में बदलाव
की प्रक्रियाओं में बदलाव से
होता है। इसमें वर्क कल्चर
को जोड़कर विचार करें तो
काम के अवसर और उपभोग
के अवसर की जटिलताओं में
होनेवाले बदलाव से भी समझा
जा सकता है।

करोना की सीख और सलाह

करोना का कहर जारी है। पूरी दुनिया इससे अपने-अपने तरीके से बचाव में लगी हुई है। हमारी सरकारें भी यथासंभव सूझबूझ से निपट रही है। एक बात जो साफ-साफ नजर आ रही है वह यह कि नजरिया हमारा चाहे जो हो, कुछ मामलों में, खासकर असंगठित आबादी और दिहाड़ी मजदूरों के बारे में, स्पष्ट नीति निरुपण की तत्काल जरूरत है। 
करोना की सीख हमारे राज्यों की आंतरिक सीमाएं इतनी निष्प्रभावी नहीं हैं, जितनी वे अपनी सुप्तावस्था में अब तक लगती रही हैं। 
निवासीयता के साथ ही रिहाइशीयता का सवाल भी महत्वपूर्ण हो गया है। निवासीयता पर रिहाइशीयता भारी है। निवासीयता भले भारतीय हो, रिहाइशीयता अपने-अपने राज्यों, जिलों और पंचायतों की है। 
रोजी-रोटी की तलाश में अपने राज्य, जिला और पंचायत से बाहर जानेवालों का संबंधित ब्यौरा, यथाप्रसंग, राज्य, जिला, पंचायत के पास प्रामाणिक तौर पर रखा जाना जरूरी किया जाना चाहिए। राज्य से बाहर अपने मानव संसाधन के नियोजन से मुनाफा की एक निश्चित राशि को राज्यों के खजाने में जमा किया जाना चाहिए। इस राशि का इस्तेमाल राज्य से बाहर नियोजित मानव संसाधन की सामाजिक सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए किये जाने का प्रावधान किया जाना चाहिए। 
दिहाड़ी मजदूर को हम निकृष्टतम अर्थ में प्रवासी या बाहरी मान चुके हैं तो उसकी रिहाइशीयता के संदर्भ को अधिक जीवंत और प्रभावी बनाया जाना जरूरी है। संबंधित श्रम कानूनों को श्रमिक अधिकार, मानवाधिकार और नागरिक अधिकार के परिप्रेक्ष्य में पुनर्परिभाषित किया जाना चाहिए। 
विपत्ति कभी भी और किसी भी रूप नाम से आ सकती है, हमें अपने संदर्भों को समय रहते पुनर्गठित करने के लिए तत्पर होना चाहिए। एक नागरिक की यह सहज चिंता है और इसका सिर्फ सामाजिक परिप्रेक्ष्य है। 

प्रेमचंद की कहानी - नशा

हो सके तो, ऐसे साहित्यकारों की अदृश्य होती स्थिति और लुप्त होती निर्मिति में अपनी अदृश्य भूमिका को पहचानने और समझने की कोशिश कीजिए। 

-----

प्रेमचंद की एक कहानी है नशा। नशा का नैरेटर समतामूलक विचार और समाज का पैरोकार है। जमींदार परिवार से आये अपने सहपाठी के सामंती व्यवहार के लिए उसे कोसता रहता है। एक बार वह सहपाठी जमींदार के साथ उसके गांव जाता है। इस शर्त के साथ कि उसे वहां कुछ दिन के लिए जमींदारी परिवेश के अनुरूप आचरण करना होगा। इस शर्त का पालन करने के क्रम में वह सत्ता के नशे में जीने लगता है। लौटते समय रेल सफर में एक हादसा होता है। वह एक ग्रामीण यात्री के साथ अमानवीय आचरण कर बैठता है। उसके बाद, एक सहयात्री ग्रामीण बोला- "दफ्तरन माँ घुसन तो पावत नहीं, उस पर इत्ता मिजाज!

ईश्वरी ने अंग्रेजी मे कहा- What an idiot you are, Bir! (बीर, तुम कितने मूर्ख हो !) और मेरा नशा अब कुछ-कुछ उतरता हुआ मालूम होता था।" इस

नशा कहानी की याद आ गई तो मैं ने सिर्फ याद दिलायी है, कहानी के साथ सफर कोई अकेले करे तो बेहतर। 

नवाबराय के नाम से लिखने वाले व्यक्ति धनपतराय श्रीवास्तव ने अकेले प्रेमचंद नामक लेखक का उपार्जन किया था! नहीं इसके पीछे दयानारायण निगम की भूमिका थी। प्रेमचंद और दयानारायण निगम बहुत गहरे मित्र थे। नवाबराय के नाम से लिखनेवाले धनपतराय श्रीवास्तव को प्रेमचंद नाम दयानारायण निगम ने ही सुझाया। 

दयानारायण निगम कानपुर से निकलनेवाली जमाना नाम की उर्दू पत्रिका के संपादक थे। प्रेमचंद की पहली कहानी 'दुनिया का सबसे अनमोल रतन' पहली बार इसी जमाना में छपी थी। जमाना में ही पहली बार इक़बाल की रचना, सारे जहाँ से अच्छा हिन्दोस्तां हमारा, भी छपी थी। दयाराम निगम के साथ प्रेमचंद का सघन और गहन पत्राचार भी होता था, जिसका अधिकांश अब प्रकाशित है। 

दयानारायण निगम के पीछे भी कोई व्यक्ति, कोई प्रेरणा रही होगी। मूल बात यह कि कोई दयानारायण निगम न हो तो किसी धनपतराय श्रीवास्तव का प्रेमचंद में कल्पातंरण कैसे हो! यों ही नहीं लेखक बनता है। लेखकों की बनक के पीछे झांकिए तो पता चलता है कि इतिहास के गत्तों में गुम हो जाने की शर्त पर भी समाज को गुमराह करनेवाली शक्तियों से बचाने के लिए दयानारायणों की कैसी अदृश्य भूमिका सक्रिय रहती है। अब तो प्रेमचंद की भूमिका भी अदृश्य होती दिख रही है। अचंभा होता है कि जिस हिंदी समाज के पास प्रेमचंद और उन जैसे कई साहित्यकार हैं वह समाज इतना भाव विपन्न कैसे हो सकता है! हो सके तो, ऐसे साहित्यकारों की अदृश्य होती स्थिति और लुप्त होती निर्मिति में अपनी अदृश्य भूमिका को पहचानने और समझने की कोशिश कीजिए। 

फिलहाल, कहीं प्रेमचंद की कहानी नशा पढ़ने की कोशिश कीजिए और मुझे भी बताइए। 


---



यों दान तो देता है दिल खोलकर बहुत

यों तो अलग रहने के कायदे थे बहुत

ये आलमी जंग तो उनमें शुमार न था

यों पहले बीमारियाँ थी जहां में बहुत

हां तुम्हारा नाम तो उनमें शुमार न था

यों तो जुर्म थे पहले दर्ज खाते में बहुत उन में तेरी करतूत का तो शुमार न था

यों परिंदों पर तो पाबंदी नहीं थी बहुत जमीन पर कोई इंसानी किरदार न था


रोजी रोटी में कोताही थी पहले ही बहुत 

सांसों और ख्वाहिशों का पहरेदार न था


जिंदगी में खुशी और गम के रंग थे बहुत 

हालांकि मरने से तो कभी इन्कार न था

यों तो कशिश थी तेरी अदाओं में बहुत नाक के नीचे अगरचे कोई इसरार न था

पिछले चुनावों में फूल तो बिके थे बहुत हालांकि दिल अवाम का गुलज़ार न था

यों दान तो देता है दिल खोलकर बहुत कह रहा कोई वह शख्स देनदार न था