मैं तुम्हें कैसे पहचानूँ

मैं तुम्हें कैसे पहचानूँ
———
ना ना, किसी लव गुरु ने नहीं
यह तो कबीर ने सिखलाया है
सभ्यता को कान में बताया है
प्रेम में नाचता हुआ मत्त मन
आत्मन्वेषण और आत्मविस्तार
के कठिन रास्ते पर कदम बढ़ाता है
तब उसका ‘नाच’ चुपके से
आलोचना में बदल जाता है।

जैसे वसंत
चुपके से चुंबन में सिमट जाता है
प्रेम सिर्फ भावना न रहकर
मौसम बन जाता है और
अपनी धुरी पर नाचती हुई धरती
हल्की-सी सिहरन के साथ
चुपके से प्रेमपत्र में बदल जाती है।

पूछो तुलसी से कि कैसे
किसी राम का मन खग-मृग-मधुकर से
छल मृग के दृश्याभास से बिंधे
अपनी सीता के मन का पता पूछता है

कहेंगे रवींद्र कि कैसे पागल हवा में
मन का पाल खुल जाता है
उधियाता हुआ मन मानसरोवर पहुँच जाता है

बतायेंगे नागार्जुन जिन्होंने बादल को घिरते देखा
जिन्होंने हरी दरी पर प्रणय कलह छिड़ते देखा
कालिदास से पूछा पता व्योम प्रवाही गंगाजल का

ना ना, किसी लव गुरु ने नहीं
यह तो जीवन के ताना-बाना ने
पुरखों ने सिखलाया है
कि इस कठकरेज दुनिया में
मैं तुम्हें कैसे पहचानूँ
हे मेरे जीवन से एक-एक कर विदा हो रहे
रूप-रस-गंध के यौवन

प्रेम ही गुरु है! गोबिंद भी!
मैं तुम्हें कैसे पहचानूँ

बेड़ियाँ

#वंचित_प्रताड़ित_जीवन
बेड़ियों के बारे में क्या कहूँ! कहूँ। बेड़ियाँ चाहे जितनी चमकदार हों खूबसूरत कला की अन्यतम नमूना हों, हम उनकी चाहे जितनी प्रशंसा करें उन से खुद के जकड़े जाने को अच्छा तो नहीं मान सकते हैं न, नहीं मानते हैं न। तो फिर दूसरों की बेड़ियों की खूबसूरती का बखान क्यों। किसी का जख्म चाहे जितनी पवित्र छवियों से मिलता हो, इससे उसका दुख कम नहीं होता पगले! बढ़ जाता है दुख, कब समझेगा, वह भी जो दिल का सच्चा है!
हम व्याख्या में व्यस्त रहे और उसने बखिया उधेड़ दी! है न कमाल! 

एक ख्वाहिश

एक ख्वाहिश
———
सरकार में लोकतंत्र। समाज में बंधुत्व। अधिकार और सुविधा में समानता। सार्वभौम शिक्षा। बुद्धिमत्ता और ज्ञान की ओर धीरे-धीरे बढ़ रही उच्चतर समाजिक अवस्था का आभास।
(साभार :The Origin of the Family, Private Property and the State — Friedrich Engels, Ernest Untermann)

बोलना, लिखना और पढ़ना

 बोलना और लिखना———बोलना और लिखना मनुष्य की बड़ी ताकत है। समझना भी। भवानी प्रसाद मिश्र का आग्रह और एक तरह से उनकी काव्य चुनौती होती थी, जिस तरह बोलता है उस तरह लिख। आदमी जिस तरह बोलता है, उस तरह लिखना कठिन है और उस तरह दिखना तो और भी कठिन है —लगभग नामुमकिन।तुलना कठिन है, फिर भी समझने के लिए —बोलना नाटक खेलने की तरह है। लिखना फिल्म की तरह। बोले का संपादन (या सुधार) नहीं हो सकता है। लिखे का (छपे का नहीं)  संपादन नहीं हो सकता है। हिंदी के एक प्रसिद्ध और आदरणीय प्रोफेसर और उससे भी अधिक प्रभावी लेखक, जो बोलने के लिए भी प्रसिद्ध थे कहा करते थे लिखने से हाथ कट जाता है, बोलने से जुबान नहीं कटती है।अब संपादक और संपादन (खुद को सुधार) का काम बचा नहीं। रही-सही कसर सोशल मीडिया की तकनीकी सुविधा ने निकाल दी। अपवाद को छोड़ दें तो, पहले के लेखक अपने लिखे को बार-बार सुधारते थे, अगला काम संपादक करता था। अब स्थिति यह है कि न खुद से सुधार का अवसर है, न संपादन की कोई गुंजाइश! कहाँ वे दिन जब संपादकों को भी संपादक की जरूरत होती थी, कहाँ आज का समय!भाषा का नैसर्गिक रूप बोलना है। लिखना साभ्यतिक रूप है। बोलना नैसर्गिक कला है और लिखना साभ्यतिक कला — पढ़ना भी कला है। तीनों भिन्न कलाएँ हैं। बोलने की शैली में लिखने से बहुत सारी बातें गडमड हो जाती है, बेतरतीब और अस्त-व्यस्त। महत्वपूर्ण विचार की भाषिक अस्त-व्यस्तता वैचारिक अराजकता में बदल जाती है। मेरे जैसा पाठक वैसे ही व्यस्त कम और अस्त-व्यस्त अधिक रहा करता है। फिर भी, ऐसे पाठ को निरा देने के बदले, संपादन और वैचारिक अराजकताओं से खुद को मुक्त करने की जवाबदेही भी पाठक को खुद ही उठानी होगी।प्रसंगवश, तकनीकी सुविधाओं का भरपूर लाभ अन्य कला क्षेत्र, फिल्म, संगीत, चित्रांकन, विज्ञापन आदि के संपादन कार्य में उठाया जा रहा है। तकनीकी सुविधाओं की बढ़त का लाभ लेखन को भी कैसे मिले इस पर सोचना चाहिए। कौन सोचेगा! लेखक और लेखक बनने की कोशिश में लगे लोग ही सोच सकते हैं।

एकला चलो रे

झारखंड के गिरीडीह शहर में लिखा गया गीत
— एकला चलो
(साभार : रवीन्द्रनाथ टैगोर) 
———
तेरी गुहार पर कोई कान न धरे तो!
अकेले चलो, अकेले चलो, अकेले चलो रे।

अरे ओ अभागा
तुम से कोई बात न करे
सभी मुँह मोड़ लें
सभी भयभीत हों
तब तुम प्राण-पण से
मुँह खोलकर अकेले बोलो रे।  

दुर्गम पथ पर सभी लौट जायें
लौटकर कोई न आये
तब रास्ते के काँटों को
रक्तरंजित पाँव से
अकेले कुचलो रे!

यदि कहीं रौशनी न मिले
झंझावात बादल अँधेरी रात हो सामने
तो कड़कती बिजली की आग से
अपनी पसलियों को सूलगाकर
अकेले जलो, अकेले जलो रे!

कवि गुरु रवीन्द्रनाथ टैगोर के इस लोक प्रसिद्ध ऐतिहासिक गीत को यथासंभव हिंदी के अनुरूप प्रस्तुत करने की कोशिश की है। प्रामाणिकता के लिए, कृपया, मूल पाठ देखें।
1905 में लिखा गया यह गीत बंग-भंग विरोधी आंदोलन के गीतों में से एक था। यह गीत झारखंड के गिरिडीह शहर में लिखा गया था। भारत के स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान इस गीत की गूँज और अनुगूँज सुनाई पड़ती रही। अकेले पड़ जाने के जोखिम उठाने के साहस, स्वतंत्रता के संकल्प और संघर्ष की प्रेरणा से भरे इस गीत को उसी संदर्भ में देखा जाता है। संदर्भ से अनजान होने के कारण कई बार इसका महत्व और प्रभाव समझ में नहीं आता है। यह अकेलेपन या अकेले हो जाने का नहीं बल्कि संघर्षशीलता के साथ एकाकार हो जाने का गीत है। इसे आत्म संबोधन के रूप में भी देखा जा सकता है! 
(चित्र साभार)

उत्प्रेक्षा काल में तानाबाना पर कफन

उत्प्रेक्षा काल में 
तानाबाना पर कफन की चर्चा
———
सत्य हिंदी के तानाबाना पर डॉ मुकेश कुमार के संयोजन प्रेमचंद की कहानी कफन पर चर्चा का संदर्भ है। मैत्रेयी पुष्पा, वीरेंद्र यादव, अजय नवारिया की भागीदारी से चर्चा महत्वपूर्ण बन गयी।
सच दोनों तरफ था, खंडित सच। यह उत्प्रेक्षा काल है, इसमें अपेक्षा रखना ठीक नहीं है कि प्रेमचंद ने बिल्कुल आज के विमर्श के अनुकूल ही सबकुछ लिखा है। यह तथ्य भी खोजना देखना चाहिए कि उस समय हिंदी की रचनाओं में समकालीन विमर्श के इन मुद्दों पर साहित्य में, खासकर हिंदी साहित्य में, क्या रुख उभरकर सामने आ रहा था। प्रेमचंद अपना काम कर गये। अब यश-अपयश से परे हैं। आलोचना तो जरूरी है। वे विचार के केंद्र में हैं, यही बड़ी बात है। अब न तो ईमान की बात के प्रहार से उनका कुछ बिगाड़ होगा और न ईमान की बात से उनके बचाव की कोशिश से बनाव होगा। 
मुझे पूरी परिचर्चा में एक बहुत महत्वपूर्ण पाठ-सूत्र मिला। कहा गया कि जिन जातियों के अपमानजनक संदर्भ कफन में वर्णित हैं, उस जाति का सदस्य (काल्पनिक ही सही) बनकर  पढ़े जाने पर ही पता चलेगा कि कितना अपमानजनक है। मैंने नोट किया कि न तो निर्विशिष्ट पाठक की कोई स्थिति होती है और न निर्विशिष्ट पाठ की। पाठ और पाठक दोनों को उनके जाति, क्षेत्र, धर्म, जेंडर आदि के विशेषण के साथ ही स्वीकार किया जा सकता है। किसी जाति के लेखक के लिए इतर जाति के पाठक की पाठ-प्रक्रिया संदिग्ध होने के लिए अभिशप्त है। राजनीतिक क्षेत्र में तो यह अब लगभग सहज स्वीकृत हो गया है कि अच्छा करे, बुरा करे, जैसा भी हो नेता अपनी जाति का हो — जाति के बाहर वोट न जाये। लगभग सारे चुनावी विश्लेषण इस सहजता को स्वीकार करते हुए ही जटिलताओं को सुलझाने में लगे रहते हैं। इसका प्रसार चिकित्सा, अध्ययन-अध्यापन, वकील जैसे जीवन-क्षेत्र में भी हो रहा है, हालांकि विभिन्न कारणों से अभी यह सार्वजनिक चर्चा में नहीं दिख रहा है। हा हंत! यह हाल हुआ हमारा।
जो भी हो पता नहीं मेरी इस पोस्ट को कोई इसे किस तरह पढ़े! कोलख्यान से कुछ पता नहीं चलता। मुझे यहाँ साफ कर देना चाहिए। मेरा उपनाम झा है, यानी मैथिल ब्राह्मण। अब धारणा है कि ब्राह्मणेतर लोग प्रसंगतः ब्राह्मणवादी हो सकते हैं, लेकिन ब्राह्मण लोग अनिवार्यतः ब्राह्मणवादी होते हैं। 
मेरी मैथिली-हिंदी भाषा जहाँ समझ में न आये वहाँ उसे भाषा की ब्राह्मणी वक्रता मानकर उसकी उपेक्षा करें। जरूरी हो, होनी चाहिए नहीं, तो अपनी स्थिति के अनुसार इसका अपने उपयुक्त पाठ बना लें। यह विचार का उत्प्रेक्षा काल है। 

सुरक्षा और सम्मान : जेहि विधि राखे राम, रहिए

जेहि विधि राखे राम
———
ब्रेट वुड्स, वाशिंगटन आम सहमति और सिक्युरिटी एजेंडा को एक साथ देखने पर विश्व प्रभुओं के मिजाज, इनके विश्व दर्शन और इनकी विश्व दृष्टि का कुछ अंदाजा हो जाता है सकता है।
अब सुरक्षा एक बहुप्रयुक्त विशेष्य है —
खाद्य सुरक्षा, सामाजिक सुरक्षा आदि। सुरक्षा का सवाल बहुत महत्वपूर्ण है और उतना ही अबूझ भी। सुरक्षा के नाम पर हर तरह के नागरिक अधिकार या सिविल लिबर्टी, सम्मान आदि को भिन्न तरह से, अबांछित तरीके से, सीमित किया जाता है। सुरक्षा चाहिए! सुरक्षा चाहिए तो अधिकार, सम्मान आदि की संवेदनशीलता से मुक्त होना होगा। अब भला सुरक्षा किसे नहीं चाहिए। भय को मनोरम बनाने के लिए अंतर्मन में बात जमती गयी — बचानेवाला ही मारेगा —मारनेवाला ही बचाएगा। कुल जमा — जेहि विधि राखे राम, रहिए! 

निराला की साहित्य साधना से साभार

‘विशाल भारत’ में इलाहाबाद युनिवर्सिटी के तरुण ग्रेजुएट शिवदानसिंह चौहान का लेख छपा–‘भारत में प्रगतिशील साहित्य की आवश्यकता’। इसमें इन्होंने हिन्दी ही नहीं समस्त भारतीय भाषाओं के साहित्य पर यह राय ज़ाहिर की कि उसने कभी भी किसी तत्कालीन प्रचलित सामाजिक यथार्थवादी विचारधारा का दामन नहीं पकड़ा। उन्होंने भारत से बाहर विश्व की भाषाओं और उनके साहित्य पर विहंगम दृष्टि डालते हुए बताया कि साहित्यकारों में दो श्रेणियाँ हो गई हैं प्रगतिशीलों में ‘हेनरी बारबूज’, ‘एन्ड्री जीड’, ‘मेलराक्स’ वगैरह हैं। भारतीय लेखकों में केवल एक लेखक इनकी श्रेणी में आता है–मुल्कराज आनन्द। हिन्दी लेखक सुदर्शन और कौशिक का दृष्टिकोण प्रेमचन्द से भी ज्यादा सुधारवादी है। ‘भारत- भारती’ लिखने के बाद, मैथिलीशरण गुप्त की विचारधारा पतनोन्मुख होकर रामायण तथा महाभारत के कुछ प्राचीन युगों तक सीमित रह गई। हिन्दी-साहित्यकार हिटलर पर गर्व करते हैं, साम्यवादी रूस से घृणा करते हैं। इन्हें फटकारते हुए चौहान ने लिखा—“वे अभी इतने नादान हैं कि प्रगतिशील और प्रगतिविरोधी शक्तियों में भेद नहीं कर सकते, हालाँकि विश्व-साहित्य के कर्णधार बनने का ताव वे मूँछों पर रोज दिया करते हैं। एक छोटा-सा ज़रा रोचक उपन्यास लिख लिया, तो उसे वे टाल्सटाय की कब्र पर और रोमाँरोलाँ के सर पर पटक देते हैं, और कहते हैं, लो, देख लो, तुमसे अच्छा है।” जवाहरलाल नेहरू जिस ऊँचाई से हिन्दी साहित्य को देखते थे, शिवदानसिंह चौहान उससे कुछ और ऊँचे उठकर हिन्दी के पिद्दी लेखकों पर दृष्टिपात कर रहे थे। रहस्मवाद के बारे में विशेष रूप से उन्होंने लिखा कि साहित्य में इसका जन्म पूँजीवादी समाज की गिरती पतितावस्था का द्योतक है। रवीन्द्रनाथ ठाकुर के बाद यह धारा प्रसाद, निराला, पंत, महादेवी, तथा अनेक छोटे-मोटे कवियों के मुख से नि:वृत हो उठी। और आज इसका कोई ठिकाना नहीं। इसके बाद चौहान ने रहस्यवादियों पर एक अनमोल वाक्य लिखा: “इनमें से कुछ स्वभावत: प्रगतिशील भी हैं; लेकिन उनकी कविताएँ प्रगतिशील न होकर प्रतिक्रियावादी होती हैं।” निष्कर्ष यह: “इस छायावाद की धारा ने हिन्दी के साहित्य को जितना धक्का पहुँचाया, उतना शायद ही हिन्दू-महासभा या मुस्लिम लीग ने भारत को पहुँचाया हो।” ब्रिटिश उपनिवेश भारत के साहित्यकारों से साम्यवादी यथार्थवाद की राह पर चलने का आग्रह करते हुए चौहान ने लिखा कि यह एक युद्धात्मक, असहनशील क्रान्तिकारी धारा है। आरंभ में उन्होंने लेनिन के कुछ वाक्य उद्दत किये थे जिनका सारांश यह है कि मनुष्य ने अपने सम्पूर्ण विकास में जो संस्कृति अर्जित की है, उसका पूर्ण ज्ञान प्राप्त किये बिना सर्वहारा संस्कृति की समस्या हल नहीं की जा सकती; पूँजीवादी समाज में मनुष्य ने जो ज्ञान संचित किया है, उसका तर्कसंगत विकास ही सर्वहारा संस्कृति है। चौहान भारतीय साहित्य के समस्त विकास को अस्वीकार करके नये साम्यवादी यथार्थवाद की स्थापना का स्वप्न देख रहे थे और समझ रहे थे कि साहित्य में लेनिनवादी विचारधारा को लागू करने का यही तरीका है। एक दिन सबेरे आकर किसी भूमिका के बिना निराला ने कहा–इसे ठीक करना है। मैंने पूछा–किसे? उन्होंने कहा–वही, तुम्हारा मित्र मुखव्यादानसिंह। इस पर भी मैं कुछ न समझकर उनका मुँह देखता रहा तो वह बोले–वही जिसने ‘विशाल भारत’ में प्रगतिशील साहित्य पर लेख लिखा है। निराला ने हिसाब लगाया कि भुवनेश्वर, शिवदानसिंह चौहान वगैरह का प्रगतिशील दल उनके पुराने हितैषी बनारसीदास चतुर्वेदी के साथ मिलकर उन पर हमला कर रहा है। इसी वर्ष ‘विश्वभारती क्वार्टरली’ में ‘माँडर्न (पोस्टवार) हिन्दी पोएट्री’ पर लेख छपा। लेखक ऐस ० ऐच ० वात्स्यायन। इस लेख में वात्स्यायन ने सौंन्दर्यवादियों के आत्मकेन्द्रित व्यक्तित्व पर तीव्र आक्रमण किया। इस तरह के लोग नार्किसिस्ट होते है, अपनी ही छवि पर मुग्ध रहते हैं। पंत की ‘वीणा’ में इसके अनेक प्रमाण हैं। सौन्दर्यवादियों की मनोदशा के बारे में जो बातें कही गई हैं, वे सब सूर्यकान्त त्रिणठी निराला पर भी लागू होती हैं। सौन्दर्यवादी में जो खामियाँ होती हैं, वे निराला में और भी उभरकर दिखाई देती हैं। अहंकार की अतिशयता से उनकी कलात्मक क्षमता पथ-भ्रष्ट हो गई है। जानबूझ कर मौलिक बनने के प्रयत्न में उन्होंने कविता की बलि दे दी है। उनकी प्रारम्भिक रचनाएँ अक्सर अच्छी होती थीं लेकिन बाद को उन्हें ज़िद हो गई कि मुख्य काव्य-परम्परा जड़ हो गई है। उन्होंने रूढ़ियाँ तोड़ीं, यह श्रेय देने के बाद और कुछ कहना आवश्यक नहीं। “निल निसी बोनम–ऐंड ऐज़ ए लिटररी फोर्स, ऐट ऐनी रेट, निराला इज़ आलरेडी डेड।”
(साभार : रामविलास शर्मा : निराला की साहित्य साधना) 

कवित्त विवेक

रचनात्मक प्रतिबद्धता के साथ सलूक के सवाल
———
वचन प्रवीण होने और कवि होने के फर्क को तुलसीदास जानते थे। तभी तो कह सके —
कबि न होउँ नहिं बचन प्रबीनू। 
सकल कला सब बिद्या हीनू।।
(रामचरितमानस) 
अपनी रचना अच्छी हो, न हो लेकिन अच्छी लगती हर किसी को। तभी तो कह सके —
निज कवित केहि लाग न नीका। 
सरस होउ अथवा अति फीका।। 
(रामचरितमानस) 
बहुत कम लोग होते हैं जिन्हें दूसरे की भनिति यानी कविता (पढ़ें रचना) सुहाती हैं। तभी तो कहा —
जे पर भनिति सुनत हरषाही। 
ते बर पुरुष बहुत जग नाहीं।।
(रामचरितमानस)
अपनी प्रतिबद्धता की समझ बहुत साफ और सुदृढ़ थी, तभी तो विनय पत्रिका में कह गये —
जाके प्रिय न राम-बदैही। 
तजिये ताहि कोटि बैरी सम, 
जद्यपि परम सनेही॥
अब, हमें अपने कवि होने या वचन प्रवीण होने, वाहवाही मिलने या न मिलने की जैसी भी स्थिति हो अपनी रचनात्मक प्रतिबद्धता (Creative commitment) के साथ अपने सलूक के सवाल को कैसे हल करना है। 

प्रेम रिश्ता टूटन जुड़न

प्रेम रिश्ता टूटन जुड़न
---
रिश्ता कोई हो, रिश्तों का मूल आधार होता है प्रेम। प्रेम के कई प्रकार होते हैं, कई स्तर होते हैं। कोई ऐसा रिश्ता नहीं होता है जिसमें टूटन की हद तक का तनाव न आता हो, कई बार तो टूट भी जाते हैं। फिर जुड़ जाते हैं। इस टूटन से बचने और फिर जुड़ने की प्रक्रिया के बारे में संतभाव कवियों ने सहज ममता से हिदायत दी है। ये हिदायतें प्रेम के प्रकार और स्तर पर भी बहुत कुछ निर्भर और कारगर होता है। चूँकि सहज है, इसलिए बस याद दिलाने के लिए –
रहिमन धागा प्रेम का , मत तोरो चटकाय।
टूटे पे फिर ना जुरे , जुरे गाँठ परी जाय।
और आगे —
रूठे सुजन मनाइए , जो रूठे सौ बार। रहिमन फिरि-फिरि पोहिए, टूटे मुक्ताहार।
कबीर तो कहते हैं —
सोना सज्जन साधु जन, टूटि जुरै सौ बार।
अब हमारे लिए यह कितना व्यावहारिक है, यह तो बहुत हद तक हम पर निर्भर है। 

साहित्य में बड़ा होना

साहित्य में बड़ा होना
––—
मनुष्य प्रजाति को जीवन यापन की आज की स्थिति में पहुँचने में लाखों वर्ष लगे हैं। यहाँ प्रजाति की नहीं व्यक्ति की बात की बात करना चाहता हूँ। किसी व्यक्ति मनुष्य का बड़ा होना क्या होता है? बड़ा वैज्ञानिक, बड़ा विद्वान आदि होना क्या होता है? ये बड़े सवाल हैं। 
फिलहाल, साहित्य में बड़ा होना क्या होता है! बात हिंदी साहित्य के संदर्भ में कर रहा हूँ, वैसे यह लागू अन्य भाषा के साहित्य के संदर्भ में भी हो सकते हैं।
बड़ा होने और महान होने में भी अंतर है। बड़ा साहित्यकार वह होता है जिसकी रचना की मूल संवेदना का कारगर प्रभाव लोकचित्त में संस्थापित होने और लोक व्यवहार को मनुष्य जाति के जीवन यापन को अधिक समावेशी, अधिक स्वीकार्य और अधिक मनोरम, अधिक पर दुख कातर आदि बनाने में सक्षम हो। इस तरह से सक्षम साहित्यिक रचना लोक चित्त में इस तरह संस्थापित होने में सफल होने पर महान होने और कहलाने की स्थिति में पहुँचती है। रचनाकर विस्मृत हो जाता है। रचना विस्मृत हो जाती है। उस रचना की शैली (संरचना या फॉर्म से भिन्न) और संवेदना का प्रवाह और प्रयोग जीवन दुख का तात्रा बनकर मनुष्य जाति की जीवन यात्रा में शामिल रहता है। विस्मृत रचना या रचनाकर की मूल संवेदना का प्रवाह और प्रयोग जारी रहती है, यानी चेतन मस्तिष्क से निकलकर भी अचेतन, अवचेतन मस्तिष्क में उपस्थित और सक्रिय रहा करती है। भिन्न-भिन्न हित समूह इस प्रवाह को अपचालित करने की प्रक्रिया में भी लगे रहते हैं। कुछ अवधि के लिए कामयाब भी होते हैं। फिर कोई दूसरा साहित्यकार उस विस्मृत मूल संवेदना और शैली को भिन्न-भिन्न फॉर्म या संरचना में लोकचित्त में पुनर्संयोजित कहां तक पहुंचे ते हैं। इसे भारतीय संदर्भ में पुनर्नवा और पश्चिम के संदर्भ में संस्कृति चक्र की प्रक्रिया से भी समझा जा सकता है। सभ्यता में समन्वय, समावेश और संतुलन की प्रक्रिया चलती रहती है। 
महफिलबाजी से जो बड़ा, बड़ी या महान होने में लगे हुए हैं, संतुष्ट हैं वे प्रणम्य हैं। 

स्थिति भयावह

स्थिति भयावह है
---
जब इतने बड़े-बड़े लोगों, मैडल अलंकृत लोगों की यह स्थिति है तो यह पुरस्कार वह पुरस्कार, यह सम्मान वह सम्मान के बल पर अपने विशिष्ट होने के बोझ से लदे-फदे लोगों का क्या होगा। अमर्त्य सेन जैसे लोगों की रहवास की स्थिति से अवगत ही होंगे, नहीं है तो यह मसला आप के लिए विचारणीय नहीं भी हो सकता है। अभी Hitendra Patel जी की पोस्ट से पता चला कि राहुल सांकृत्यायन के पुत्र भी अपने फ्लैट के मामले में परेशानी में है। वे वरिष्ठ नागरिक की श्रेणी में आते होंगे। वरिष्ठ नागरिकों की कानूनी सहूलियतों की इस मामले में क्या उपलब्धता है, पता नहीं। अदालत से राहत मिल सकती है, पता नहीं। एक पर कोई अन्याय होता है अन्य खामोश रहता है। सभी अकेले हो गए हैं। असंगठित जनता संगठित शक्ति के सामने लाचार। संगठनों की एक अन्य दिक्कत भी है। जहाँ संगठन है, वहाँ शक्ति है और जहाँ शक्ति है वहाँ अन्याय पक्षपात है। आदमी क्या करे। हमारे नागरिक बोध की हालत यह है कि हम अत्याचार को नागरिक पर हुए अत्याचार के रूप में नहीं पढ़ते बल्कि जाति समुदाय धर्म लिंग वर्ग राज्य क्षेत्र हैसियत से जोड़कर पढ़ते हैं। कहाँ है नागरिक जमात! अन्ना आंदोलन के समय ही मैंने लिखा था कि यह आंदोलन राजनीतिक दल के रूप में बदल जायेगा। बुरी बात यह कि नागरिक जमात पब्लिक स्फियर में पब्लिक स्टंट के लिए जगह बन जायेगी। नागरिक जमात अपनी विश्वसनीयता और उद्देश्य से अंतहीन भटकाव में पड़ जायेगा। नागरिक जमात के नाम पर खाप पंचायतों की सक्रियता देखी जा सकेगी। खाप रहित नागरिकों का क्या होगा! खाप जैसे भी हों, दिख तो वही रहे हैं। एक पोस्ट लिखकर मैं भी अपने नागरिक दायित्व के पूरा होने के आनंद में डूब जाऊँगा, एक लाइक देकर या दिये बिना आप भी नागरिक कर्तव्य के सर्वोच्च निर्वाह के सुखसागर में ऊबडूब की मानसिक सुविधा का भोग करने में व्यस्त हो जायेंगे। क्या यही सच है कि कोई एक डूबेगा तो अन्य व्यस्त रहेंगे। पता नहीं कैसे कुमति लग गई....

पछतावा 3

#पछतावाकोलख्यान
आछे दिन पाछे गये, हरि सो किया ना हेत।
अब पछितावा क्या करै, चिड़िया चुगि गयी खेत।।
(साभार : कबीरदास)
हरि से हेत न करने के मामले पर फिर कभी। अभी चिड़िया के खेत चुगने पर। चिड़िया खेत कब चुगती है! चिड़िया के खेत चुगने का पता कब चलता है!
किसान बीज बोता है। बीज बोकर किसान निश्चिंत हो जाता है, रखवारी नहीं करता है। इस अवसर का लाभ उठाकर चिड़िया बीज चुग लेती है। किसान बीज के पौधा बनने और फलप्रसू होने का इंतजार करता है। चुग लिये गये बीज पौधे में विकसित नहीं होता है, फलप्रसू होने की तो बात ही क्या! फल नहीं मिलता है। पछतावा बचता है। हरि का खेत हरि की चिड़िया। किसान हरि से हेत कर बोये गये सारे बीज को बचा ले जाए भला यह कैसे संभव है।
बोये गये कुछ बीज को चिड़िया चुगेगी ही। अछताने-पछताने के बाद संतोष की बारी आती है। मलूकदास तो कह गये हैं अजगर चाकरी नहीं करता, चिड़िया पंछी भी काम नहीं करती है लेकिन राम तो सब के दाता हैं। इसलिए संतोष धन। तुलसीदास तो कह गये हैं  —
गो-धन, गज-धन, वाजि-धन और रतन-धन खान।
जब आवत संतोष-धन, सब धन धूरि समान ॥
जब सब धन धूरि समान हो जाए तो फिर कहाँ पछतावा! संतोष धन यों ही हाथ नहीं आता है। पछतावा की लंबी प्रक्रिया से गुजरना पड़ता है। इसलिए पछतावा जरूरी है!

पछतावा 2

#पछतावाकोलख्यान
आछे दिन पाछे गये, हरि सो किया ना हेत।
अब पछितावा क्या करै, चिड़िया चुगि गयी खेत।।
(साभार : कबीरदास)
हरि से हेत न करने के मामले पर फिर कभी। अभी चिड़िया के खेत चुगने पर। चिड़िया खेत कब चुगती है! चिड़िया के खेत चुगने का पता कब चलता है!
किसान बीज बोता है। बीज बोकर किसान निश्चिंत हो जाता है, रखवारी नहीं करता है। इस अवसर का लाभ उठाकर चिड़िया बीज चुग लेती है। किसान बीज के पौधा बनने और फलप्रसू होने का इंतजार करता है। चुग लिये गये बीज पौधे में विकसित नहीं होता है, फलप्रसू होने की तो बात ही क्या! फल नहीं मिलता है। पछतावा बचता है। हरि का खेत हरि की चिड़िया। किसान हरि से हेत कर बोये गये सारे बीज को बचा ले जाए भला यह कैसे संभव है।
बोये गये कुछ बीज को चिड़िया चुगेगी ही। अछताने-पछताने के बाद संतोष की बारी आती है। मलूकदास तो कह गये हैं अजगर चाकरी नहीं करता, चिड़िया पंछी भी काम नहीं करती है लेकिन राम तो सब के दाता हैं। इसलिए संतोष धन। तुलसीदास तो कह गये हैं  —
गो-धन, गज-धन, वाजि-धन और रतन-धन खान।
जब आवत संतोष-धन, सब धन धूरि समान ॥
जब सब धन धूरि समान हो जाए तो फिर कहाँ पछतावा! संतोष धन यों ही हाथ नहीं आता है। पछतावा की लंबी प्रक्रिया से गुजरना पड़ता है। इसलिए पछतावा जरूरी है!

फेसबुक जवाब मुक्तिबोध

Sheshnath Prasad
आप मेरी पोस्ट पर कुछ भी, हाँ कुछ भी लिखकर कोई गलती नहीं करते हैं। मुझे यह अच्छा लगता है। और आप से अनुरोध है कि आप जरूर लिखें। खेद व्यक्त करने का तो कोई सवाल ही नहीं है। और हाँ, यदि आप का मन मेरे जवाब या मेरी टिप्पणी से खिन्न होता है तो मुझे इसके लिए खेद होना चाहिए और है।
आप ने कई सवाल उठाये हैं और वे महत्वपूर्ण हैं। सभी सवालों का जवाब यहाँ संभव नहीं है, कुछ का जवाब देना जरूरी है। मैं भले ही जवाब की तरह लिखूं, आप से अनुरोध है कि इन सवालों पर मेरे जवाबों को मेरे पक्ष की तरह पढ़ने की कृपा करें, सिर्फ अपने सवालों के जवाब की तरह नहीं। संभव होगा तो इन सवालों को स्वतंत्र पोस्ट के रूप में डालने की कोशिश करूंगा।
जो बात वर्ग या समूह के लिए कही जाती है वह उस वर्ग या समूह के किसी सदस्य के ऊपर तत्काल लागू नहीं होती है। वर्ग या समूह पर कही गई बात उस वर्ग या समूह की प्रजाति पर लागू होती है। जैसे, सफेद शेर विलुप्त हो रहे हैं यह किसी व्यक्ति शेर पर लागू नहीं हो सकती है। किसी एक शेर को सामने खड़ा कर उसके विलुप्त होने की परीक्षा नहीं की जा सकती है और न इस आधार पर कोई निर्णय किया जा सकता है। उसी तरह व्यक्ति पर कही गई बात को उसके पूरे वर्ग पर लागू किया जा सकता है। जैसे, यह या कुछ शेर लंगड़ा है तो यह नहीं कहा जा सकता कि शेर लंगड़ा होता है। अधिक के लिए इंपरेटिव नॉरमेटिव या आगमन निगमन पद्धतियों का संदर्भ आप ग्रहण कर सकते हैं। 
बौद्धिक वर्ग को बौद्धिक वर्ग के सदस्यों पर लागू करना ठीक है या नहीं, निर्णय आप करें।
बौद्धिक वर्ग कैसे बनता है या किन से बनता है! क्या इसमें सिर्फ भौतिक धरातल पर जीवित लोग ही शामिल होते हैं यह एग्रीगेट होता है या एवरेज अर्थात सकल या औसत होता है यह एक जटिल प्रक्रिया है। इस पर यहाँ अभी लिखना संभव नहीं है मेरे लिए। बौद्धिक कौन होता है! सभ्यता का मूल संघर्ष सत्ता संघर्ष होता है। मनुष्य के मनुष्य बनने में अन्य मनोभावों के इतर, बुद्धि का बड़ा और प्राथमिक योगदान है। बुद्धि के अनुपात में सत्ता का संदर्भ समझा जा सकता है। आत्म आकलित बुद्धि के अनुपात में अपेक्षित और अर्जित सत्ता का असंतुलन सत्ता संघर्ष के पहले पायदान यानी बौद्धिक संघर्ष से जोड़ देता है। संक्षेप में, प्रसंगतः, यह कहना जरूरी है कि बौद्धिक वर्ग का कोई नेता नहीं होता या बौद्धिक वर्ग का सदस्य किसी का अनुयायी नहीं होता है। बौद्धिक संघर्ष का एक रास्ता राजनीतिक संघर्ष की तरफ जाता है और राजनीतिक संघर्ष में बदल जाता है। इसी तरह से और तरह के संघर्षों में भी बौद्धिक संघर्ष बदलता रहता है।
गाँधी या कृपलानी नेहरु आदि राजनीतिक वर्ग में माने जाने चाहिए, बौद्धिक वर्ग में नहीं। उन्हें कौन फीडबैक देता था, नहीं देता था कि मुझे नहीं मालूम, लेकिन वे क्रीत दास नहीं थे।
कविता क्या है? यह कैसे बनती है? इसे किस तरह पढ़ना चाहिए? यह अलग से विवेचनीय है। इसका कोई अंतिम उत्तर नहीं हो सकता, मेरे पास तो नहीं हो सकता। कविता किसी व्यक्ति पाठक के द्वारा पढ़ भले ली जाती हो, कुछ सीमित समय में, उतरती है व्यापक समय के फलक से गुजरते हुए। कवि होना और बात है वचन प्रवीण होना और बात है, तुलसीदास कह गये हैं। बहुत लंबा हो गया। वेतनभोगी भी बौद्धिक वर्ग में शामिल हो और अपने वेतनभोग के अवसरों को बचाते हुए ही उसकी बुद्धि खिले तो क्या कहेंगे। आज के बौद्धिक परिसर को देखते हुए ही इन पंक्तियों को मैं ने यहाँ साभार डाला है। मुक्तिबोध की प्रतिबंधित पुस्तक का स्मरण कराता हूँ। एक बात और जबलपुर से एक स्तर पर ओशो का भी जुड़ाव था और मुक्तिबोध का भी। भाई, बाकी अन्यत्र।

पछतावा 1

अंत तो प्रारंभ का उपहार है। अब अंत का प्रारंभ हो चुका है। अंत के पहले जीवन को समझने की कोशिश करना जरूरी लगता है। लाखों साल के मानव काल खंड के ऐसे समय में सौभाग्य से मेरे जीवन का दौर तब शुरू हुआ, शायद अंत भी, जब मानव बुद्धिमत्ता अपने चरम पर है। हालांकि इस दौर में भी व्यक्ति स्तर पर हर किसी की बुद्धिमत्ता समान नहीं है। इसके बाद लगता है मानव बुद्धिमत्ता का दौर ढलान पर होगा। कृत्रिम बुद्धिमत्ता का दौर शुरू होगा। शुभ होगा! अशुभ होगा! कहना मुश्किल है। मनुष्य की आबादी के छोटे हिस्से की बुद्धिमत्ता बनी रहेगी। धीरे-धीरे आबादी का यह छोटा-सा हिस्सा छोटा, और छोटा, और छोटा होता जायेगा। कितना छोटा! मेरे लिए कहना मुश्किल है। 
बेहतर है, जीवन को विभिन्न दौरों में समझने की कोशिश की जाए। पहला दौर सहज बुद्धि और स्वप्न का होता है।
 अगला दौर स्वप्न को वास्तविक करने की योजनाओं की रूपरेखा बनाने और शक्ति संयोजन का होता है। न तो शक्ति संयोजन की योजना इच्छित तरीके से पूरी तरह से कामयाब होती है, न तो अंततः बनाई गई रूपरेखा के अनुसार जीवनयापन होता है।
अगला दौर सपनों के बाहर जीवन के वास्तविक आधार को समझने और तदनुरूप खुद को बदलने या समायोजित करने का होता है। पंख समेटने का दौर!
पंखों का समेटा जाना और पंखों का झड़ना अपने साथ पछतावा का दौर लेकर आता है। 
जिसके सामान्य जीवन में पछतावा का कोई कारण नहीं होता है वह, विरल अपवाद को छोड़ दें तो, बहुत बड़ा झुठ्ठा होता है। इतना बड़ा झुठ्ठा कि अपनी आत्मा को भी, अपने झूठ को सच मानने के लिए राजी कर लेता है। अपनी आत्मा के सच को अपने दिमाग के झूठ में फाँस लेना क्या संभव हो सकता है? पता नहीं। मुझ जैसे लोगों के लिए यह संभव नहीं है। इसलिए, मैं अपवाद नहीं हूँ। विस्तार से लिखने और समय-समय पर साझा करने का मन है। डर बस इतना ही है कि कभी तो मन की कर नहीं पाया। 

खराऊँ

चित्त चंचल क्यों
जो नहीं रहा खराऊँ
——–
पहले उदास फिर उतप्त मन
पूछा माहौल बड़ा भरकाऊ है
हमें शीघ्र अब यह बतलाओ
मेरा कहाँ खराऊँ है!

किस अजायबघर में रखा
किस को बेचा
वह तो नहीं बिकाऊ है!

सब चुप
बोले अति गंभीर सभासद
शांत क्रोधं शांत क्षोभं
शांत शांत शांत
सब सांतम!

वक्त बदल गया
स्वर्ण दंड में बदल खराऊँ
वह देखो जो दमक रहा है
बदलना बिकना नहीं है!

धीर ललित उदात्त!
चित्त चंचल क्यों! 
जो नहीं रहा खराऊँ!

घोर दरवाजा

चोर दरबाजा
—––
पैंट सिलवाने दरजी के पास गया
पहली बार पता चला
होता है पैंट में एक चोर पॉकेट
मैं चोर नहीं था
फिर भी मन में
रहता था ग्लानि बोध कि
लिये फिरता हूँ चोर पॉकेट। 

दरजी ने बताया था
चोरों से बचाव करता है —
चोर पॉकेट।

शुरू में मन नहीं मानता था
फिर धीरे धीरे सहज हो गया।

होता है एक चोर दरवाजा
घर में भी बचाव के लिए ही।

होता है इतिहास में भी
चोर दरबाजा
अपने ही कारणों से।

चोर दरवाजा का इस्तेमाल
 करने लगे जब मालिक बार-बार
तोरण द्वार बन जाता है
चोर दरबाजा।

तोरण द्वार पर खुदा रहता है
कोई मनजीत आदर्श वाक्य
जैसे......!

जानकार

जानकार
🙏🙏🙏
जानकार जानता है
बाकी कोई कुछ नहीं जानता है

अधकचरा जाननेवाले
सब जानते हैं
जानकारी का काम
इससे चल जाता है

विद्यालय विश्वविद्यालय
की अवमानना नहीं होती है
वे जानकारी बांटते रहते हैं

अदालतें
जानकारी खोलती रहती है
समाज में जानकारी
खौलती रहती है

यों ही नहीं चलती रहती है
यों ही नहीं गुजरती रहती है
पवित्र व्यवस्था

यों ही नहीं होते हैं
पावन कार्य

जानकार जानता है
जानकारी
किस दरवाजे से
आती है और जाती है

आप से है प्रार्थना, बस आप से है प्रार्थना

आप से है प्रार्थना, बस आप से है प्रार्थना

 

इसलिए तो हे महामहिम

इसीलिए हे महामहिम

 

पता नहीं किस चीज पर टिकी हुई है पृथ्वी

इस सवाल पर तरह-तरह की कहानी है

न पृथ्वी का मतलब मालूम है मुझे

न टिके होने के बारे में ठीक-ठीक कुछ पता है

मालूम इतना भर है कि कहानी है कई

 

कोई आँख नचाकर कहता है

कोई तर्जनी तानकर कहता है

कोई अंगूठा दिखाकर कहता है

कोई छाती फुलाकर कहता है

कोई भिंची हुई मुट्ठी उछाल कहता है

कोई कहकर कंधा झुका लेता है

कोई खुशामद में कहता है

कोई आमद की उम्मीद में कहता है

कोई एक बाँह उठा कर कहता है

कोई दोनों बाँह उठकर कहता है

कोई झंडा लहराकर कहता है

कोई डंडा हिलाकर कहता है

 

कहाँ तक कहूँ, मुख्तसर यह कि

कहने की जितनी वजहें

उतनी तरह से कहता है, कहानी

मेरी समझ में कुछ नहीं आता है

 

इसलिए तो हे महामहिम

इसीलिए हे महामहिम

 

है जो भी शक्ति-पीठ

उन्हें होना ही चाहिए न्याय-पीठ

मगर ऐसा होता नहीं है

 

इसलिए तो हे महामहिम

इसीलिए हे महामहिम

न्याय-पीठ तो है ही न्याय-पीठ

होनी चाहिए आपके पास भी कोई कहानी

काठुआए हुए काठघर की काठ-हथौड़ी के पास

 

कहानी कि किस चीज पर टिकी हुई है पृथ्वी

यह भी कि क्या है पृथ्वी और क्या है टिकना

इसलिए तो हे महामहिम

इसीलिए हे महामहिम

आप से है प्रार्थना, बस आप से है प्रार्थना

नवाक/ न्यू-स्पीक

नवाक / न्यू-स्पीक

जॉर्ज ऑरवेल का उपन्यास 1984 (NINETY EIGHTYFOUR) 1949 में प्रकाशित हुआ। ‘राजकमल गौरवग्रंथ माला: कालजयी साहित्य की विशिष्ट प्रस्तुति’ के अंतर्गत इसका हिंदी अनुवाद प्रकाशित हुआ है। अभिषेक श्रीवास्तव ने इसका हिंदी अनुवाद किया है। हिंदी भाषा समाज की खासियत को ध्यान में रखते हुए बहुत बढ़िया अनुवाद संभव किया है अभिषेक श्रीवास्तव ने। इसमें न्यू-स्पीक के बारे में, उसकी विकासमान वैयाकरणिक कोटियों के बारे में बताया गया है।

यह माना गया है कि 2050 तक अंग्रेजी भाषा पूरी तरह बदल जायेगी, न्यू-स्पीक में। इतनी बदल जायेगी कि पुराने सारे पाठ समझ एवं प्रयोग से बाहर हो जायेंगे। क्या इस तरह सिर्फ अंग्रेजी भाषा बदलेगी! मेरी उत्सुकता भारतीय भाषाओं को लेकर है। हिंदी के लिए खासकर। हिंदी के लिए खासकर इसलिए कि हिंदी मेरे सर्वाधिक इस्तेमाल की भाषा है। क्या हिंदी (अन्य भी) नवाक (नव वाक) में बदल जायेगी!

टू द प्वाइंट होने की माँग बढ़ रही है। पावर प्वाइंट्स, कथ्य के बुलेट फॉर्म्स अधिक सहजता से स्वीकार्य हो रहे हैं। संवाद का कारगर माध्यम शब्द से अधिक चित्र बन रहे हैं। बाइनरी युग आ गया है या तेजी से आता जा रहा है। ‘ग्रे एरिया’ तेजी से छोटा होता जा रहा है। हाँ या ना, दोस्त या दुश्मन, बीच की कोई स्थिति नहीं।

सप्रसंग व्याख्या और विस्तृत विवरण, गये जमाने की चीज है। आज दृश्य का विस्तार हो रहा है। श्रव्य तेजी से संकुचित हो रहा है। टेक्स्ट जितनी पढ़ी जा रही है, उससे कई गुणा चित्र पढ़े जा रहे हैं। दर्शक की क्षमता एवं सुविधा के आधार पर चित्र मनोबांछित टेक्स्ट बनकर हासिल हो रहा है। सामाजिक दृष्टिकोण से देखें तो संज्ञा का (डिजिटेलेजाइशन) संख्या में बदलना शुरू हो गया है। कुछ मामले में पहचान नाम से नहीं नंबर से हो रहा है। संज्ञा के साथ पहचान के बहुत सारे संदर्भ लिपटे रहते हैं, जैसे जाति, धर्म, लिंग आदि। विशिष्ट संख्या (युनिक नंबर) नाम का स्थान बड़ी आसानी और अधिक विश्वसनीयता से ले रही है। आगे क्या होनेवाला है!

-       जारी.....  

पुतला और उसकी हँसी

पुतला और उसकी हँसी

______

एक कमरा है। हर तरफ से बंद। हर तरफ से खुला। यह समझना मुश्किल है। हर तरफ से बंद और हर तरफ से खुला, एक साथ कैसे संभव है! यह आधुनिक तकनीक है। महाभारत में इसकी चर्चा मिलती है। आधुनिक तकनीक से हमारे समय में यह संभव हुआ है। द्वार और दीवार का फर्क मिट गया है। दूर से देखने पर द्वार ही द्वार नजर आते हैं। कहीं कोई दीवार नहीं। पास आने पर पता चलता है, दीवार ही दीवार है। कहीं कोई द्वार नहीं। तो असल में, यह क्या है! यह दीवार भी है। यह द्वार भी है। बस पता नहीं चलता कहाँ दीवार है, कहाँ द्वार है। एक आदमी को पता है। वह आगंतुक है। आगंतुक कमरा में घुस जाता है। उसके पीछे आनेवाले को पता ही नहीं चलता, वह आदमी गया कहाँ। वह आदमी कैसे आगंतुक में बदल गया! बाकी कैसे नागंतुक बनकर बाहर रह गये! नागंतुक कमरे के अंदर जा नहीं सकते। बाहर आगंतुक दिखाई नहीं देता।

कमरा सजा-धजा है। एक आदमी दिखाई देता है। पुतला भी हो सकता है। वह आदमी है या पुतला, पता नहीं चलता है। हर चीज आँख के इशारे पर। हाथ की पहुँच में। उसकी पीठ दिखाई देती है। पीठ पर अंकित बड़ी-सी शक्ति-मुद्रा साफ-साफ दिखती है। आगंतुक न समझ आनेवाली मुख ध्वनि से शक्ति-मुद्रा को संबोधित करता है। कमरा में बहुत सारे पुतले प्रकट होते हैं। पुतला में कोई हलचल नहीं। आगंतुक फिर कुछ बुदबुदाता है। इस बार शक्ति-मुद्रा पीछे और मुख-मुद्रा सामने। साफ होता है। वह आदमी है। कमराधिपति है। आगंतुक कमराधिपति को अपनी भाषा में संबोधित करता है। कमराधिपति सुनकर मुसकुराता है। कमरे के सारे पुतले में जान आ जाती है। हरकतें होने लगती हैं। कमराधिपति अट्टहास करता है। पुतलों का दिव्य चक्षु-नृत्य आरंभ हो जाता है। अब कमराधिपति की मुख-मुद्रा पीछे, शक्ति-मुद्रा आगंतुक के सामने।

बाहर खड़े लोग चकित। कुलिश-दृष्टि। धुआँ। लपट। चीख। पुकार। हाहाकार। दलन-वृष्टि।

कृपा-दृष्टि। पुष्प-वृष्टि। अन्न-वृष्टि। धन-वृष्टि। मदन-वृष्टि।

आगंतुक कमरा से बाहर आ गया है। बाहर का दृश्य देख वह जरा भी चकित नहीं है। भ्रमित नहीं है। नागंतुकों की ओर बढ़ता है। वह अपनी अंगुली नागंतुकों की ठोंठ पर रखता है। इशारा! निर्देश! आदेश! चुप रहो। सब चुप रहो।

आगंतुक शंकित है। कमराधिपति कितने दिन तक हँसते रहेंगे। कितने दिन तक अट्टहास लगाते रहेंगे। कमराधिपति के चेहरे पर थकान छा रही है। कमराधिपति की थकान रोनी-मुद्रा में आ गयी तो क्या होगा? मुस्कान सिसकियों में बदल सकती है क्या? अट्टहास रुलाई में बदल सकती है क्या? कृपा-दृष्टि जाये भाँड़ में।   ऐसे में प्रकट-अप्रकट पुतलों का क्या होगा? दिव्य चक्षु-नृत्य का क्या होगा? कुलिश-दृष्टि का क्या होगा?

 

कोई नहीं, हाँ कोई नहीं, कुछ नहीं

कोई नहीं, हाँ कोई नहीं, कुछ नहीं

-----

 

सोचा न था, सच कहता हूँ सोचा न था

कोई नहीं, हाँ कोई नहीं, कुछ नहीं

न न्याय, न अन्याय, न नीति, न अनीति, न पाप, न पुण्य

 

कोई तो साथ नहीं

निपट अकेला

न विचार, न संचार, न प्रचार, न शोभा, न श्रृँगार

यह कैसा जीवन, न आचार, न व्यवहार

 

किसी से कुछ कहना बाकी नहीं

किसी से कुछ सुनने की कोई उम्मीद नहीं

उम्मीद का कोई अर्थ नहीं

कोई फर्ज नहीं, कोई गर्ज नहीं, कोई हर्ज नहीं

कोई अर्ज नहीं, कोई कर्ज नहीं

लाइक नहीं, डिसलाइक नहीं, कुछ भी दर्ज नहीं

दर्द नहीं, हमदर्द नहीं

क्या कहना है, कुछ भी नहीं, कुछ भी तो नहीं

हरिशंकर परसाई व्यंग्य

व्यंग्य

यह हरिशंकर परसाई का जन्म शताब्दी वर्ष है। यह हरिशंकर परसाई के लेखन के ऐतिहासिक महत्त्व को समकाल के संदर्भ में ध्यान से देखने-परखने का अवसर है। साहित्य के सक्षम विद्वान लोग इस काम को कर रहे होंगे। पत्रिकाएँ अपनी योजनाओं पर काम कर रही होंगी। मैं इस काम में बहुत सक्षम तो नहीं हूँ, लेकिन उनका पाठक होने के नाते अपने दायित्व से मुँह नहीं मोर सकता।

व्यंग्य लिखना कठिन काम है। इस माहौल में तो बहुत ही कठिन है। व्यंग्य की खासियत यह होती है कि जिस पर व्यंग्य लिखा जाता है वह भी अपनी सहमति-असहमति से ऊपर उठकर मुसकुराये बिना नहीं रहता है। मन मसोस कर भले रह जाये, आक्रामक नहीं हो जाता है। व्यक्तिगत आक्षेप के रूप में नहीं लेता है। व्यंग्य के मर्म को समझता है। अपनी भावनाओं को आहत होने से बचा लेता है। इसे अपनी मान हानि नहीं मानता है। व्यंग्य को अपमान नहीं मानता है। कटुक्ति और व्यंग्य के अंतर को समझता है। परिष्कृत हँसी मजाक मनोरंजन से आगे बढ़कर का मनुष्य के मनःप्रसादन का एक सरस प्रयास होता है। कहा जाता है कि मजाक करना, मजाक नहीं है। जिस मजाक से कटुता बढ़ जाये वह मजाक तो मजाक नहीं रह जाता है। इसका ध्यान व्यंग्यकार को रखना ही पड़ता है। ऐसे में अपनापन, सहिष्णुता और सह-अस्तित्व की बेहतर जरूरत होती है। व्यंग्य साहित्यिक विधा के साथ ही जीवंत समाज में बातचीत की सामान्य सामाजिक शैली भी है। व्यापक और बहुल भारतीय समाज और साहित्य में इसकी पुरजोर उपस्थिति मिलती है। जो समाज में रहा है वह राजनीति में सहज रूप में होता है। खुले मन और खुले समाज में ही व्यंग्य के लिए जगह बनती है। अशांत, आंतरिक रूप से विभक्त और विघ्न-तोषी समय में व्यंग्य के लिए जगह कहाँ बचती है। ऐसे में इस तरह की कई बातों को ध्यान में रखते हुए, इस खास अवसर पर हरिशंकर परसाई के साहित्य को फिर से देखने परखने का इरादा है, दायित्व भी। अभी तो मन बाँटा है। पूरा कर पाऊँगा? पता नहीं!

चरैवेति - चलते रहो

चलना कठिन है। बहना आसान है। बहना प्रकृति है। चलना संस्कृति है। चलने और बहने में बहुत बड़ा अंतर होता है। रुपया पैसा न चले तो मुश्किल है लेकिन, बह जाये तो मुश्किल है। क्या हाल है, पूछने पर लोग जवाब देते है; चल रहा है। कोई नहीं कहता बह रहा है। लछमी चंचल होती है। बहुत तेज चलती है। मनुष्य उसके पीछे-पीछे चलता है। चलना प्रकृति की शक्ति, गति, और स्थिति के विरुद्ध मनुष्य की जिद, युक्ति, शक्ति और आंतरिक गति से संभव होता है। जिंदा आदमी बहता नहीं, चलता है। मुर्दा चलता नहीं, बहता है। पुरखों ने कहा चरैवेति चलते रहो। जिंदा बचना है, तो चलते रहो। चलना क्या है! फिर कभी।

लेखक संगठन की भूमिका

लेखक संगठन की भूमिका

साहित्यकार का लक्ष्य केवल महफिल सजाना और मनोरंजन का सामान जुटाना नहीं है, - उसका दरजा इतना न गिराइए। वह देश-भक्ति और राजनीति के पीछे चलने वाली सचाई भी नहीं, बल्कि उनके आगे मशाल दिखाती हुई चलने वाली सचाई है। - प्रेमचंद

(1936 में प्रगतिशील लेखक संघ के सम्मेलन में किये गये अध्यक्षीय भाषण से)

सत्य हिंदी के ताना-बाना पर डॉ मुकेश कुमार को लेखक संगठनों की भूमिका पर सार्थक परिचर्चा आयोजित करने की कोशिश के लिए धन्यवाद और आभार। रेखा अवस्थी, वैभव सिंह और राकेश बिहारी को परिचर्चा में शामिल किया गया। इस परिचर्चा में मंतव्यों के लिए जितनी जगह हो सकती थी उसका सदुपयोग हुआ।  इस विषय पर अधिक तैयारी के साथ बात करने की नहीं, करते रहने की जरूरत है। इस संदर्भ में कुछ अन्य बिंदुओं को चर्चा में शामिल किया जा सकता है।

वामपंथी दलों को छोड़ दें तो, किसी राजनीतिक दल के सदस्य बनने की कोई बुनियादी शर्त नहीं होती है। इन दलों का सदस्य बनते ही कोई नेता मंत्री नहीं बन जाता। लेखक संगठन का सदस्य बनने के लिए भी कोई शर्त नहीं होती है। कई तो सदस्य पहले बनते हैं, लेख भी पहले ही बन जा सकते हैं, लेखन बाद में शुरू करते हैं। इसके तात्कालिक और दीर्घकालिक  लाभ की संभावनाओं को हिंदी साहित्य के  होशियार छात्र अच्छी तरह समझते हैं। मन बनाकर पहला वाक्य लिखते ही ऐसा मोह दबोचता है कि वे बिना देर किये खुद को लेखक घोषित कर देते हैं। बाकी रही-सही कसर उनके जैसे ही क्लासमेट, चाहें तो सहपाठी लेखक पूरी कर देते हैं। संख्या बल का कमाल यहाँ भी होता है।  अहो रूपम, अहो ध्वनि का सिलसिला शुरू हो जाता है। हिंदी साहित्य का वेतन भोगी अध्यापक कुछ लिखे या न लिखे खुद को साहित्य का पद-सिद्ध आलोचक लेखक मानकर चलता है। विश्वविद्यालय परिसर इसकी समानांतर प्रक्रिया चलती रहती है। इस तरह घिसे हुए लेखक आलोचनात्मक प्रोत्साहन, अंग्रेजी में कहें तो क्रिटिकल एप्रिशियेसन, के नाम पर संख्या बल को अपने पक्ष में करने की कोशिश करते हैं। बाकी सोशल मीडिया तो है न! राजनीति में जो मेरे दल में नहीं है वह भ्रष्टाचारी है, हिंदी साहित्य में जो मेरे गुट में नहीं है,  वह साहित्यकार कैसा! उसका सामाजिक सरोकार ढकोसला के अतिरिक्त कुछ नहीं। आप चिल्लाते रहिए आबद्ध हूँ, संबद्ध हूँ, प्रतिबद्ध हूँ।

जिस विचारधारा की बात लेखक संगठन करते हैं, उसके असली ठेकेदार तो लेखन में कोई दिलचस्पी नहीं लेते। उनकी दिलचस्पी इस बात तक सीमित रहती है कि वह उनके द्वारा घोषित राजनीतिक कार्यक्रमों में कितनी तत्परता से अपनी उपस्थिति दर्ज कराता है। समाज इसमें कहीं होता ही नहीं है। जिस तरह नागरिक, प्रजा कहना शायद अधिक सही हो, वोटर में लघुमित (रिड्यूस्ड) हो गया है, उसी तरह लेखक भी लघुमित हो गया है। कोई दल यह नहीं कहता कि आप विचारधारा से सहमत हों तभी हमें अपना वोट दें। जैसे भी हो बस वोट दे दें, आप का वोट मेरा स्वार्थ, आप का हित बाद में सधता रहेगा। हिंदी साहित्य में पाठकों की भूमिका या पक्ष पर क्या बात हो सकती है, इसकी जरूरत ही क्या है, जो है नहीं उस पर समय बर्बाद करना!

जब लेखन का ही कोई उद्देश्य नहीं रह गया तो संगठन के उद्देश्य की क्या बात! लेखन की भूमिका ही तय नहीं, तो लेखक संगठन की भूमिका! वेतन से, या किसी स्रोत से कुछ पैसा हाथ आया तो छपवा लीजिये, मुफ्त बाँट दीजिए। खुद को लेखक मनवाने के सुकर्म में लगे रहिए, राष्ट्रीय अंतर्राष्ट्रीय हो जाइए, क्या फर्क पड़ता है। पता चला घर के लोग ही आप को लेखक मानने के लिए तैयार नहीं हैं, मन या मान रखने के लिए भले ही आप पर केंद्रित किसी आयोजन में कभी-कभार उपस्थित हो जाएँ। चुपके से पैसा देकर, पचास खुशामद करके अपनी कृति छपवानेवाले रॉयल्टी वसूलने के आंदोलन के लट-लकार की पुकार पर कान धरेंगे! पागल हैं! मेरी बातों पर मत जाइए, लेखक संगठनों की भूमिका है। मैं लेखक नहीं। न गाड़ी खींचनेवाला बैल, न गाड़ी के आगे फुदकता हुआ दौड़नेवाला कुत्ता।  आप लेखक हैं, आप लेखक संगठन की भूमिका तलाशिए। देश भक्ति और राजनीति के आगे .... बस राम राम।

 

रंगभूमि से

1."शहर अमीरों के रहने और क्रय-विक्रय का स्थान है। उसके बाहर की भूमि उनके मनोरंजन और विनोद की जगह है। उसके मध्य भाग में उनके लड़कों की पाठशालाएँ और उनके मुकदमेबाजी के अखाड़े होते हैं, जहाँ न्याय के बहाने ग़रीबों का गला घोंटा जाता है। शहर के आस-पास ग़रीबों की बस्तियाँ होती हैं। बनारस में पाँड़ेपुर ऐसी ही बस्ती है। वहाँ न शहरी दीपकों की ज्योति पहुँचती है, न शहरी छिड़काव के छींटे, न शहरी जल-स्रोतों का प्रवाह। 

लुप्त और गुप्त

लुप्त और गुप्त

------

लुप्त और गुप्त के अर्थ में क्या अंतर है! मेरी समझ से लुप्त होने का अर्थ है, जो मिट गया, जिसका अस्तित्व खो गया और जिसे खोजा नहीं जा सकता हो। शक्तिशाली चतुर धारा या शक्ति वर्ग पहले अपने घुलाता-मिलाता है। घुल मिल जाने के बाद धीरे-धीरे उस के लुप्त होने या लुप्त करने की ऐतिहासिक परिस्थिति में डाल देता है। लुप्त का सामान्यतः फिर से इस्तेमाल नहीं हो सकता है। गुप्त होने का अर्थ खो जाना नहीं है बल्कि शक्तिशाली चतुर धारा या शक्ति वर्ग के द्वारा आम लोगों की नजर से छुपा लेना या पहुँच को प्रतिबंधित करना है। उचित समय पर गुप्त का इस्तेमाल हो सकता है।

आचार्य हजारीप्रसाद द्विवेदी ने लिखा, महायान संप्रदाय या यों कहिए कि भारतीय बौद्ध संप्रदाय, सन् ईस्वी के आरंभ से ही लोकमत की प्रधानता स्वीकार करता गया, यहाँ तक कि अंत में जाकर लोकमत में घुल-मिलकर लुप्त हो गया। और तुलसीदास लिखते हैं, पाखंडवाद के कारण सद्-ग्रंथ गुप्त हो जाते हैं। कौन-से सद्ग्रंथ गुप्त हो गये या होते हैं, इसका संकेत तुलसीदास के यहाँ नहीं मिलता है। जो लुप्त हुआ उसका उल्लेख आचार्य हजारीप्रसाद द्विवेदी करते हैं। देखा जाये तो गुप्त और लुप्त की ऐतिहासिक प्रक्रिया का कुछ पता यहाँ से चल सकता है। दुविधा की बात यह है कि क्या गुप्त होता है या और क्या लुप्त समझना मुश्किल है। आपकी समझ में आये तो बताइयेगा, जरूर।

देत लेत मन संक न धरई

देत लेत मन संक न धरई। बल अनुमान सदा हित करई॥

प्रीत और वैर प्राणियों की मूल वृत्ति है। प्रीत और वैर की अधिकता अंधा बना देती है। वैर वीर का विशेषण लगता है। प्रेत तो प्रीत का विशेषण लगता है। वीरता के साबित होने के लिए वैरी का होना जरूरी है। अभी तो बात मीत की। आजकल मित्र निर्वाह के उदाहरण कम ही मिलते हैं। जबर्दस्त उदाहरण तो कभी-कभी मिलते हैं, आप चाहें तो समकाल में भी ऐसे उदाहरण दिख सकते हैं बस दीद चाहिए, जो कि मुश्किल है। खैर, गोस्वामी तुलसीदास ने बड़ी स्पष्ट बात कही है। जिस के साथ लेने देने में कोई शंका न हो, अपने बल के अनुसार हमेशा हित करे, विपत्ति के समय मजबूती से साथ दे। यहाँ तक मतलब साफ है। वक्त और हालात मतलब बदल देते हैं। आज के वक्त और हालात में भी मतलब बदल गया दिखता है। लेने देने में शंका न हो का मतलब यह भी हो सकता है कि किसी का माल उठाकर मित्र को दे। मित्र के बल पर किसी का माल उठवा ले। ऐसा करने में कोई संकोच न करे।

प्रफुल्ल कोलख्यान Prafulla Kolkhyan

वसुधैव कुटुम्बकम

अयं निजः परो वेति गणना लघुचेतसाम् ।

उदारचरितानां तु वसुधैव कुटुम्बकम् ॥

पुरखों ने सपना सँजोया था, वसुधैव कुटुम्बकम का। आज हम ऐसे मुकाम पर पहुँच गये हैं, जहाँ वसुधैव कुटुम्बकम  तो दूर, कुटुम्ब ही बेसुध हो रहा है। एक दूसरे की सुधि लेने की बुद्धि कमजोर पड़ती दिख रही है। परिवार बिखरते दिख रहे हैं। व्यक्ति टूटते दिख रहे हैं। अंधकार घना तो है, पर उसकी कोख में प्रकाश भी पल रहा है। उस प्रकाश को हासिल करने के लिए, अंधकार से प्रकाश की तरफ बढ़ने के लिए उदार चरित की जरूरत है। उदार चरित वसुधैव कुटुम्ब की शर्त्त भी है। यह मेरा, वह तेरा का हिसाब लगानेवाली लघु चेतना से बाहर निकल कर मैं सब का हूँ, सब मेरा है। अपने पराये के बोध की प्रतीति और वस्तुस्थिति के पार औरों को हँसते हुए देखकर सुखी होने की मनःस्थिति को हासिल किया जा सकता है। औरों में खुद को तथा खुद में औरों को हासिल कर लेने का विन्यास बनना असंभव नहीं है। जियो और जीने दो, तो ठीक लेकिन जीने की शर्त्त जीने देना है तो इस तरह समझा जा सकता है कि पहले जीने दो और फिर जियो। अंतःकरण के आयतन को बढ़ाने की कोशिश करते हुए उदार चरित के साथ मस्तक उठाकर जियो, भय चित्त के साथ जियो। बाधा! बाधा अपने अंदर का कायर है। अपने चित्त के अंदर आसन जमाये बैठा यह कायर बहुत भयभीत है। चित्त के भय मुक्त होने के लिए अपने चित्त के अंदर बैठे इस कायर को निकालना होगा, तभी कुटुम्ब भी बचेंगे, वसुधा भी बचेगी। कर पाओगे परफूल! मुश्किल है। खैर तुम नहीं तो कोई और, अभी नहीं तो कभी और यह संभव हो सकता है। 


तुलसी मस्तक तब नवै, जब धनुष बान लो हाथ

कहा कहौं छवि आज की, भले बने हो नाथ।
तुलसी मस्तक तब नवै, जब धनुष बान लो हाथ।।
-------------
मिथ को समझना। समझकर उस के विश्लेषण, इंटरप्रटेशन (तात्पर्यन) से अपने समय को समझना और उसकी समस्याओं के कोई हल निकालना कठिन है, पर असंभव नहीं। मुझे यह सदैव महत्त्वपूर्ण लगा है कि तुलसीदास की मानें तो रघुराई ने मुनि से कहा, निर्भय जग्य करहु तुम्ह जाई। मेरे एक मित्र ने सवाल उठाया कि शस्त्र सुसज्जित राम निर्भय होने का आश्वासन देते हैं, तो क्या शक्ति या शस्त्र ही निर्भय होने को आश्वासन दे सकता है! सवाल महत्त्वपूर्ण है, जवाब कई हो सकते हैं, कई तरह के हो सकते हैं। अधिकतर असंतोषजनक या असहमतिपरक! खैर।
शिव धनु को प्रभु राम ने तोड़ दिया। परशुराम की नाराजगी पर लक्ष्मण ने कहा कि बचपन में बहुत सारे धनुषों को तोड़ने की बात कह दी। प्रभु ने शिव धनु सहित बहुत सारे धनुषों को तोड़ा, लेकिन अपना धनुष छोड़ा नहीं। यहाँ, इतना उल्लेख भर कर देना प्रासंगिक हो सकता है कि राम और कृष्ण के युग्म को अविभाज्य मानकर चलने और उन्हें पारस्परिक प्रासंगिकता में समझना हमारी सांस्कृतिक जरूरत है, इस पर संभव हुआ तो फिर कभी।
मेरा एक लेख है। हिंसा पर टिकी सभ्यता। काफी पहले जनसत्ता में छपा था। उसके संदर्भों को याद कर रहा हूँ। मूल शब्द हिंसा है। हिंसा का निषेध अहिंसा है। हिंसा मौलिक वृत्ति है। जैसे नींद, भूख आदि। मौलिक वृत्ति को नियंत्रित तो किया जा सकता है, लेकिन उसका पूर्ण निषेध संभव नहीं है। अहिंसा सभ्यता की आकांक्षा है। इसलिए, इसे मौलिक विडंबना है कि पूर्ण अहिंसक होने की सभ्यता आकांक्षा पूरी नहीं हो पाई है। दुखद यह है कि इसे नियंत्रित करने में भी कई बार सभ्यता के उपादान विफल हो जाते हैं। उपाय! लघुतर हिंसा यदि वृहत्तर हिंसा को रोकने का उपादान मान लिया जाये तब, ‘तुलसी मस्तक तब नवै, जब धनुष बान लो हाथ।।‘ जैसी उक्ति के मर्म को नये सिरे से समझने की कोशिश की जा सकती है। अभी तो, इतना ही।
Hare Ram Katyayan

जनतंत्रः प्रक्रिया और प्राण

जनतंत्रः प्रक्रिया और प्राण

प्रिंट नेशनल्जिम के दौर में अखबार का महत्त्व स्वयंसिद्ध है। नये दौर में मीडिया की तरफ लोग बड़ी उम्मीद से देखते रहे हैं। अब तथाकथित मुख्य धारा की मीडिया से अधिक लोगों की निगाह सोशल मीडिया पर अधिक है। बड़े-बड़े पत्रकार और विद्वान विभिन्न प्रकार से सोशल मीडिया पर आते रहते हैं। ऐसे विद्वान भी दिख जाते हैं, जिन्हें अन्यथा देख पाना पहले संभव नहीं था। मैं इस बात से पूरी तरह सहमत हूँ कि किसी भी समय किसी भी मुद्दे पर पूरी तरह निष्पक्ष कुछ भी नहीं होता। सवाल पक्षधरों के उद्देश्यों का है। सवाल यह है कि किसी भी पक्ष में झुके हुए रहने के पीछे का मुख्य इरादा क्या है, उसकी तार्किक वैधता की स्थिति क्या है, निष्कर्ष कितना वस्तुनिष्ठ, आत्मनिष्ठ, वास्तविक और कितना मनगढ़ंत है।  

शब्द भिन्न हो सकते हैं लेकिन यह लगभग, सभी लोग मानते हैं कि चुनाव जनतंत्र की प्रक्रिया है, प्राण नहीं है। सोशल मीडिया की बड़ी जगह चुनावी प्रक्रिया घेरती है, जनतंत्र के प्राण पर चर्चा के लिए बहुत कम जगह बचती है। सूचनाओं के विविध परिप्रेक्ष्यों को जोड़ना, समझना-समझाना, विश्लेषण करना, निष्कर्ष निकालना उचित है। सलाह-सुझाव देने से अधिक प्रवचन-उपदेश की तरफ बढ़ जाने के औचित्य पर सोचना चाहिए। चुनावी प्रक्रिया से कौन सत्ता पर कौन पक्ष काबिज होगा यह महत्त्वपूर्ण सवाल है, मुख्य सवाल है जनतंत्र के प्राण का क्या होगा!